पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार को एक रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी-20 सीरीज अपने नाम कर लिया। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए आखिरी टी-20 मैच में मेजबान पाकिस्तान ने चार विकेट से जीत दर्ज की। टी-20 सीरीज 2-1 से जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम ने जमकर जश्न मनाया। इसी दौरान तेज गेंदबाज हसन अली का एक सेल्फी वीडियो भी वायरल हो गया।
हसन अली और पाकिस्तानी टीम ने मिलकर 'पावरी हो रही है' के अंदाज में जश्न मनाया। इसमें हसन अली सेल्फी वीडियो बनाते हुए एक ट्रेंडिंग वीडियो की नकल करते हुए कह रहे हैं, 'ये मैं हूं, ये मेरी टीम है और हम सीरीज जीतकर पावरी कर रहे हैं।'
इस वीडियो को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया गया जो देखते-देखते ट्रेंड करने लगा। इसे 19 घंटे में ही चार लाख से अधिक लोगों ने देख लिया था।
दरअसल पिछले दिनों पाकिस्तान की एक महिला ब्लॉगर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक ऐसा ही सेल्फी वीडियो पोस्ट शेयर किया था, जिसमें वे और उनके दोस्त एक कार के पास खड़े होकर मस्ती करते दिख रहे थे। इसमें महिला ने कहा, 'ये हमारी कार है, ये हम हैं और ये हमारी पावरी हो रही है।' महिला का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और एक नया ट्रेंड बन गया है।