Gujarat Giants vs Sunrisers Hyderabad Playing 11 Prediction : गुजरात ने मुंबई के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत की थी, लेकिन उसे पिछले मैच में गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हार का सामना करना पड़ा था। सनराइजर्स ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल इतिहास का सबसे ज्यादा बड़ा स्कोर बनाया था।
गुजरात टाइटंस का सामना आज अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पर शानदार फॉर्म में चल रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से होगा। सनराइजर्स ने अपने पिछले मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया था और आईपीएल इतिहास का सबसे ज्यादा बड़ा स्कोर बनाया था। गुजरात के लिए सनराइजर्स खतरा बन सकता है, लेकिन इस मैच में एक बार फिर नजरें गुजरात के कप्तान शुभमन गिल पर होंगी जिनका टीम के होम ग्राउंड पर बल्ला जमकर चलता है। गुजरात ने मुंबई के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत की थी, लेकिन उसे पिछले मैच में गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई के खिलाफ सनराइजर्स का प्रदर्शन जिस तरह का रहा था उससे देखकर लग रहा है कि टीम गुजरात के खिलाफ प्लेइंग-11 में किसी तरह की छेड़छाड़ से बचना चाहेगी, जबकि गुजरात की टीम में गेंदबाजी स्तर पर मामूली बदलाव हो सकता है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होगा। सनराइजर्स हैदराबाद की कोशिश जीत की लय बरकरार रखने की होगी, जबकि गुजरात की नजरें जीत की पटरी पर लौटने की होगी।
विज्ञापन
सनराइजर्स के लिए गिल को रोकना होगा अहम
सनराइजर्स ने भले ही पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन शुभमन गिल का अहमदाबाद में रिकॉर्ड बेहतर रहा है। गिल ने अहमदाबाद में खेली 13 आईपीएल पारियों में 63.6 के औसत से 700 रन बनाए हैं। किसी एक मैदान पर कम से कम 500 रन बनाने वाले किसी बल्लेबाज का यह चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। गिल ने पांच पारियों में 50 से अधिक का स्कोर बनाया है। ऐसे में गिल को इस मैदान पर रोकना किसी भी टीम के गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होता है। सनराइजर्स को अगर अच्छा करना है तो उन्हें गिल को रोकने का तरीका ढूंढना होगा।
गेंदबाजी गुजरात के लिए चिंता का सबब
गुजरात टाइटंस को अबतक आईपीएल के इस सीजन में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की कमी खल रही है। उनकी जगह टीम में खेल रहे उमेश यादव शमी के बराबर का प्रदर्शन करते नहीं दिख रहे हैं जो गुजरात के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है। पिछले मैच में सीएसके से मिली हार के कारण गुजरात का नेट रनरेट भी काफी प्रभावित हुआ है। गुजरात के लिए पिछले दो सीजन अच्छे रहे थे जिसमें टीम एक बार विजेता बनी, जबकि पिछले सीजन उपविजेता रही। गुजरात को अगर इसी प्रदर्शन को बनाए रखना है तो उसे गेंदबाजी में सुधार करना होगा। हालांकि टीम के स्टार स्पिनर राशिद खान से गुजरात को काफी उम्मीदें जो टीम की जीत के सूत्रधार रहे हैं। गुजरात की टीम राशिद पर काफी निर्भर रहती है और कई बार उनका प्रदर्शन टीम की जीत या हार तय करता है।
सीएसके के खिलाफ फ्लॉप रहा था गुजरात का बल्लेबाजी क्रम
पिछले मैच में सीएसके के खिलाफ बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात का बल्लेबाजी क्रम लड़खड़ा गया था और साई सुदर्शन को छोड़कर टीम का कोई बल्लेबाज 30 से अधिक रन भी नहीं बना सका था। सुदर्शन और विजय शंकर ने इस दौरान धीमी बल्लेबाजी की, जबकि गिल की टी20 पारी की फिर आलोचना हो रही है जो इस सीजन दो पारियों में कुछ खास नहीं कर सके हैं। वहीं, डेविड मिलर भी अबतक रन बनाने के लिए जूझते नजर आए हैं और मध्य ओवरों में उनकी बल्लेबाजी काफी धीमी रही है।
क्लासेन के छक्कों का नहीं है तोड़
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन इस सीजन अपने बल्ले से काफी प्रभाव छोड़ रहे हैं। उन्होंने दोनों मैचों में टीम के लिए अच्छी पारियां खेली हैं और अबतक 15 छक्के लगा चुके हैं। इस साल क्लासेन ने टी20 प्रारूप में कुल 53 छक्के लगाए हैं जो सर्वाधिक है। क्लासेन 5.4 पर औसतन एक छक्का लगा रहे हैं। क्लासेन की खास बात यह है कि वह सामने की ओर सबसे अधिक प्रहार करते हैं।
अभिषेक पर रहेंगी नजरें
ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले ट्रेविस हेड में यादगार डेब्यू किया है और पिछले मैच में उन्होंने सनराइजर्स के लिए सबसे तेज 18 गेंदों पर पचासा जड़ा था। हालांकि अनकैप्ड भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी पीछे नहीं रहे थे तो उन्होंने उसी मैच में हेड को पीछे छोड़ते हुए 16 गेंदों पर ही अर्धशतक लगा दिया था। 2018 में डेब्यू करने वाले अभिषेक ने 2021 सीजन तक 1 पारियों में 127.1 के स्ट्राइक रेट से 178 रन ही बनाए थे, लेकिन पिछले दो सीजन से उनकी बल्लेबाजी में काफी सुधार आया। अभिषेक ने 2022 में 14 पारियों में 426 रन बनाए, जबकि 2023 में वह 11 पारियों में 226 रन ही बना सके। मौजूदा सत्र में अभिषेक दो मैचों में 95 रन बना चुके हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 226.2 का रहा है। गुजरात के खिलाफ एक बार फिर अभिषेक पर नजरे रहेंगी।
आंकड़ों में भले ही दोनों टीमों के फिलहाल समान अंक हैं, लेकिन पिछले मैच में दोनों टीमों का जिस तरह का प्रदर्शन रहा है उसे देखते हुए इस मैच में गुजरात पर सनराइजर्स का पलड़ा भारी दिख रहा है। आइए जानते हैं इस मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11 किस तरह रह सकती है...