ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल एक बार फिर पार्टी के बाद सीधे अस्पताल पहुंचे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तेजतर्रार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल से जुड़ी इस घटना की जांच शुरू की है। मैक्सवेल को पिछले हफ्ते एडिलेड में देर रात की पार्टी के बाद अस्पताल ले जाना पड़ा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मैक्सवेल शराब पी रहे थे और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली के बैंड 'सिक्स एंड आउट' का कॉन्सर्ट देख रहे थे, तभी उन्होंने असहज महसूस किया। सीए ने कहा कि उनके पास मैक्सवेल से जुड़ी घटना की जानकारी है।
मैक्सवेल ने पिछले अक्तूबर-नवंबर में भारत में ऑस्ट्रेलिया को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। 'ईएसपीएनक्रिकइन्फो' के अनुसार सीए ने एक बयान में कहा "क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया सप्ताह के अंत में एडिलेड में ग्लेन मैक्सवेल से जुड़ी एक घटना से अवगत है और अधिक जानकारी जुटा रहा है।"
मैक्सवेल ने पिछले हफ्ते फाइनल में जगह बनाने में असफल होने के बाद बीबीएल टीम मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी छोड़ दी थी। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए 13 सदस्यीय ऑस्ट्रेलियाई टीम में नहीं चुना गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कहा "यह उन्हें वनडे टीम में चुने जाने से संबंधित नहीं है, यह निर्णय बीबीएल के बाद और उनकी कार्यभार योजना के आधार पर लिया गया था। टी20 सीरीज में मैक्सवेल की वापसी की उम्मीद है। इस समय कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी।"
अस्पताल में कुछ देर रुकने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और वह ट्रेनिंग पर वापस आ गए हैं। पिछले साल मैक्सवेल को कई चोटों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बावजूद उन्होंने विश्व कप में सराहनीय प्रदर्शन किया। भारत में वनडे विश्व कप के दौरान, मैक्सवेल को अहमदाबाद में गोल्फ कार्ट से गिरने पर चोट लग गई थी।
2022 में, एक दोस्त के जन्मदिन पर दौड़ते समय फिसल जाने से उनका पैर टूट गया और वह तीन महीने से अधिक समय तक मैदान से बाहर रहे। ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज क्रमशः ब्रिस्बेन, सिडनी और कैनबरा में दो फरवरी से शुरू होकर छह फरवरी तक चलेगी।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम
स्टीवन स्मिथ (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, आरोन हार्डी, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, लांस मॉरिस, मैथ्यू शॉर्ट, एडम जैम्पा।