विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान की टीम को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। बाबर आजम की कप्तानी पर भी सवाल उठने लगे हैं। साथ ही उनके स्पिनरों के खराब प्रदर्शन से लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की भूमिका तक, किसी को भी नहीं बख्शा गया है और सब पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व स्टार ऑलराउंडर अब्दुल रज्जाक भी टीम की आलोचना करने वालों में शामिल है। हालांकि, उनका एक बयान, जिसमें उन्होंने टीम की 'नीयत' या मकसद को बदलने की बात कही थी, भारी आलोचना के घेरे में आ गया है। उन्होंने यह बयान देते समय मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय का नाम लिया।
रज्जाक ने PCB की तुलना ऐश्वर्या से करते हुए एक कार्यक्रम में ऐसा बयान दिया, जिसने क्रिकेट जगत को शर्मसार कर दिया है। रज्जाक ने कहा, 'मैं यहां पीसीबी के इरादे के बारे में बात कर रहा हूं। जब मैं खेल रहा था तो मुझे पता था कि मेरे कप्तान यूनिस खान हैं, जिनके इरादे काफी अच्छे हैं। मैंने उनसे आत्मविश्वास और साहस सीखा। ऊपर वाले की मेहरबानी है कि मैं पाकिस्तान क्रिकेट के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सका। अगर आपकी सोच है कि मैं ऐश्वर्या राय से....। इसलिए पहले आपको अपनी नीयत ठीक करनी होगी।' यह बयान इतना घटिया है कि हम आपको बता नहीं सकते।
रज्जाक के साथ उस कार्यक्रम में 2009 टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के खिलाड़ी शाहिद अफरीदी, सईद अजमल, उमर गुल समेत कई अन्य पाकिस्तानी खिलाड़ी मौजूद थे। सभी ने इस बयान की आलोचना करने की बजाय तालियां बजाईं और हंसने लगे। अब इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हो रही है। रज्जाक इससे पहले भी कई बार अपने विवादित बयानों की वजह से विवादों में रह चुके हैं।
इससे पहले उन्होंने हार्दिक पांड्या की तुलना कपिल देव से कर दी थी, जिसको लेकर फैंस ने उनका खूब मजाक उड़ाया था। रज्जाक ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2013 में खेला था। वह इससे पहले जसप्रीत बुमराह पर भी एक विवादास्पद टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भारत के वरिष्ठ तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी के करीब भी नहीं हैं। रज्जाक ने कहा था- शाहीन बहुत अच्छा क्रिकेटर है, बुमराह तो उसके आसपास भी नहीं आते। इसके लिए भी उनका खूब मजाक उड़ाया गया था।