भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के पूर्व फुटबॉलर डेविड बेकहम के अलावा भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और कई मशहूर हस्तियों के मौजूद रहने की संभावना है। यह दिग्गज फुटबॉलर भारत के तीन दिवसीय दौरे पर है और उनके वानखेड़े स्टेडियम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की संभावना है। कई अन्य पूर्व क्रिकेटरों, फिल्मी हस्तियों और खेल सितारों के भी वीवीआईपी गैलरी में होने की संभावना है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेकहम के लिए एक खास प्री मैच सेगमेंट भी रखा जा सकता है।
डेविड बेकहम, विक्टोरिया बेकहम
- फोटो : सोशल मीडिया
बेकहम यूनिसेफ (UNICEF) के गुडविल एम्बेसडर के रूप में भारत में हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने यूनिसेफ के साथ साझेदारी की है। ऐसे में बेकहम मैच के दौरान मौजूद रह सकते हैं। UNICEF ने महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने और क्रिकेट के माध्यम से समावेश और लिंग समानता को बढ़ावा देने के लिए आईसीसी के साथ साझेदारी की है।
फ्री-किक लेते डेविड बेकहम
- फोटो : सोशल मीडिया
मेजबान भारत ने मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और नौ मैचों से चला आ रहा अपना विजय अभियान बरकरार रखा है। रोहित शर्मा की टीम ने लीग चरण का अंत 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रहकर किया। उनका नेट रन रेट +2.570 रहा। तालिका में शीर्ष पर रहने के बाद भारत का सामना कीवी टीम से होगा जो अंक तालिका में चौथे स्थान पर रही थी।
भारतीय टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया को हराकर की थी। 'मेन इन ब्लू' ने इसके बाद अफगानिस्तान, अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड को हराया। भारत ने डच टीम पर 160 रन की शानदार जीत के साथ लीग चरण का समापन किया, जिससे मौजूदा टूर्नामेंट में उसका शानदार रिकॉर्ड बरकरार है। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड पाकिस्तान और अफगानिस्तान को हराकर चौथे स्थान पर रहा। सेमीफाइनल मुकाबला भारतीयों के लिए बड़ी परीक्षा होगी, जो पिछले एक दशक में बड़ी प्रतियोगिताओं में संघर्ष कर रहे हैं।
भारतीय टीम
- फोटो : अमर उजाला
मेन इन ब्लू ने इस साल के विश्व कप में लगातार नौ मैच जीते हैं। अब टीम 1983 और 2011 के बाद तीसरी बार विश्व कप की ट्रॉफी उठाने की कोशिश करेगी। साथ ही 10 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को भी खत्म करने की कोशिश करेगी। 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से भारत ने कोई आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीता है। 2015 और 2019 विश्व कप में भारत को सेमीफाइनल में ही हार का सामना करना पड़ा था। 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में तो न्यूजीलैंड ने ही टीम इंडिया को शिकस्त दी थी। रोहित की अगुवाई में टीम इंडिया इसका बदला लेने उतरेगी।