भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियशिप फाइनल मैच से पहले बयान दिया है। उनका कहना है कि मुकाबले के दौरान दोनों टीमों में ऐसे कुछ खिलाड़ी हैं जिनके बीच छोटे-छोटे मैच चलते रहेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच आगामी 18 जून से डब्ल्यूटीसी फाइनल मैच साउथैम्पटन में शुरू होगा।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत करते हुए गावस्कर ने कहा, मैच के दौरान एक मुकाबला दोनों कप्तानों के बीच होगा। उनके मुताबिक विराट कोहली और केन विलियमसन के बीच दिलचस्प मुकाबला होगा। लिटिल मास्टर ने आगे कहा कि दोनों खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में गिना जाता है।
गावस्कर ने आगे कहा कि ऐसा होना स्वाभाविक है क्योंकि एक मैच में खिलाड़ुयों के बीच कई मुकाबले चल रहे होते हैं। विराट और विलियमसन के मुकाबले के अलावा उन्होंने दोनों टीमों के कुछ और खिलाड़ियों के नाम लिए।
गावस्कर के मुताबिक, रोहित ने टेस्ट क्रिकेट में एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर छाप छोड़ी है। उनका कहना है कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान रोहित और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट के बीच जंग देखने को मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि इंग्लैंड की परिस्थितियों में बोल्ट काफी कारगर साबित हो सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने चेतेश्वर पुजारा और नील वैगनर के बीच भी रोचक जंग होने की बात कही। गावस्कर की नजर में डेवोन कॉनवे और जसप्रीत बुमराह के बीच भी अच्छी प्रतिद्वदिता देखने को मिलेगी।