आईपीएल 2024 सीजन के तुरंत बाद अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप का आयोजन होना है और इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए इसी महीने भारतीय टीम की घोषणा हो सकती है। माना जा रहा है कि कई स्थानों के लिए खिलाड़ी तय है, लेकिन कुछ स्थान के लिए चर्चा चल रही है। विकेटकीपिंग के लिए काफी विकल्प मौजूद हैं और चयनकर्ता हर खिलाड़ी पर नजर रख रहे हैं। इस बीच ,पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने इस टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम चुनी है जिसमें रिंकू सिंह और सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल जैसे बल्लेबाजों को जगह नहीं दी है।
ओपनिंग के लिए यशस्वी-रोहित को मौका
कैफ ने ओपनिंग जोड़ी के तौर पर यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा के साथ जाने का फैसला किया। यशस्वी आईपीएल 2024 के सीजन में अबतक प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं, लेकिन कैफ ने गिल की जगह यशस्वी को मौका देने का फैसला किया है। तीसरे और चौथे स्थान के लिए विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को कैफ ने अपनी टीम में चुना है, जबकि पांचवें नंबर पर के लिए उनकी पसंद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या हैं।
विकेटकीपर के तौर पर पंत हैं पसंद
सबसे ज्यादा चर्चा का विषय विकेटकीपर का स्थान है जिसके लिए कई दावेदार हैं, लेकिन कैफ ने विकेटकीपर के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत को चुना है। इस स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन, केएल राहुल और जितेश शर्मा भी दावेदार हैं, लेकिन कैफ ने कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद आईपीएल से वापसी करने वाले पंत को चुना है। पंत ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में दो अर्धशतक जड़े हैं और 157 के स्ट्राइक रेट से 194 रन बना चुके हैं। पंत ऑरेंज कैप की दौड़ में छठे स्थान पर मौजूद हैं। दूसरी ओर, सैमसन का बल्ला आईपीएल में जमकर बोल रहा है। सैमसन राजस्थान के लिए तीसरे नंबर पर उतरते हैं। भारतीय टीम में विकेटकीपर पांचवें या छठे स्थान पर उतरते हैं।
स्पिनर के तौर पर अक्षर, जडेजा पहली पसंद
भारत को बल्लेबाजी में अतिरिक्त मजबूती देने के इरादे से कैफ ने टी20 विश्व कप के लिए स्पिनर के तौर पर अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा को चुना है। उन्होंने ना सिर्फ इन दोनों को टीम में लेने का फैसला किया है, बल्कि प्लेइंग इलेवन में रखा है। हालांकि कुलदीप यादव उनके लीड स्पिनर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह नई गेंद से जिम्मा संभालेंगे। कैफ ने कहा, मैं कई ऑलराउंडर को रखना चाहूंगा क्योंकि आपको बल्लेबाजी में मजबूती चाहिए। इसलिए अक्षर सातवें नंबर पर, जडेजा आठवें और नौवें स्थान पर कुलदीप होंगे, जबकि अन्य दो स्थानों पर बुमराह और अर्शदीप को जगह दूंगा।
रिंकू को जगह नहीं, अश्विन की जगह चहल
कैफ ने रविचंद्रन अश्विन की जगह युजवेंद्र चहल के साथ जाने का फैसला किया है, लेकिन उन्होंने विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को जगह नहीं दी है जो सबसे चौंकाने वाला फैसला है। हाल के वर्षों में रिंकू भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ फिनिशर के रूप में उभरे हैं, लेकिन कैफ का मानना है कि रिंकू की तुलना में रियान पराग और शिवम दुबे का पलड़ा ज्यादा भारी है।