ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक कैलिस की जमकर प्रशंसा की है और उन्हें सबसे प्रतिभाशाली ऑलराउंडर बताया है। मालूम हो कि कैलिस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टेस्ट और वनडे में 10000 रन और 250 विकेट लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। कैलिस टेस्ट में सर्वाधिक कैच लेने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उन्होंने इस प्रारूप में 200 कैच लिए हैं।
पोंटिंग ने कहा कि बल्ले और गेंद दोनों से शानदार रिकॉर्ड के नाते कैलिस सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। पोंटिंग ने कहा, मैं कहूंगा कि जैक कैलिस अपने ऑलराउंड खेल के कारण अब तक देखे गए खिलाड़ियों में सबसे प्रतिभाशाली हैं। मैं सिर्फ एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज के बारे में बात नहीं कर रहा हूं। मैं एक प्रतिभाशाली क्रिकेटर के बारे में बात कर रहा हूं। कैलिस ने 44-45 टेस्ट शतक बनाए, शायद 300 या उससे भी अधिक विकेट लिए और उनके पास टेस्ट क्रिकेट में एक अविश्वसनीय कैचिंग रिकॉर्ड भी है।
इसके अलावा पोंटिंग ने कैलिस को कमतर आंके जाने वाला खिलाड़ी बताया और उनकी गिनती महान खिलाड़ियों में की। पोंटिंग ने कहा, मुझे लगता है कि कैलिस इस खेल को खेलने वाले अब तक के सबसे कमतर आंके गए खिलाड़ियों में से एक हैं। मेरा मतलब है, मुझे पता है कि कैलिस को उचित दर्जा दिया गया है और उन्हें यह मिलना भी चाहिए था, लेकिन बहुत से लोग उसके सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक होने के बारे में बात नहीं करते हैं और मेरी नजर में वह निश्चित रूप से हैं।
कैलिस के करियर पर नजर
कैलिस दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडरों में शामिल थे। उन्होंने टेस्ट में 55.37 के औसत से 13289 रन बनाए जिसमें 45 शतक और 58 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 292 विकेट भी लिए। वनडे में कैलिस के नाम 44.36 के औसत से 11579 रन दर्ज हैं और इस प्रारूप में उनके बल्ले से 17 शतक और 86 अर्धशतक भी निकले हैं। उन्होंने इसके अलावा 328 मैचों में 273 विकेट भी लिए हैं जिसमें दो बार किसी मैच में पांच विकेट लेना शामिल है।