सहारा ग्रुप के हटने के बाद टीम इंडिया की स्पॉन्सरशिप के लिए पांच कंपनियों में दावा ठोक दिया है।
टीम इंडिया की स्पॉन्सरशिप के लिए जिन पांच कंपनियों ने अपनी दावेदारी पेश की है वो हैं सोनी, स्टार इंडिया, यूबी ग्रुप, गेम्स अनलिमिटेड और द वर्ल्ड स्पोर्ट्स ग्रुप (डब्ल्यूएसजी)।
इनमें से स्पोर्ट्स मार्केटिंग कंपनी (डब्ल्यूएसजी) सचिन तेंदुलकर को मैनेज करती है। जबकि कम चर्चित कंपनी गेम्स अनलिमिटेड टीम इंडिया के आर अश्विन, उमेश यादव और अंजिक्य रहाणे का काम संभालती है।
एक दशक से भी ज्यादा समय तक टीम इंडिया की स्पॉन्सर रही सहारा ग्रुप ने 31 दिसंबर, 2013 के बाद अपना करार आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया था।
अगला स्पॉन्सर करार चार साल के लिए है। बीसीसीआई ने इस साल अक्तूबर में सहारा ग्रुप की स्वामित्व वाली पुणे वॉरियर्स को आईपीएल से बाहर कर दिया था।
बीसीसीआई ने भारत के प्रत्येक अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए डेढ़ करोड़ रुपए का बेस प्राइज रखा था, जबकि सहारा भारतीय क्रिकेट बोर्ड को हर मैच के लिए 3.34 करोड़ रुपए का भुगतान कर रहा था।
नया स्पॉन्सर भारतीय क्रिकेट टीम के अलावा अंडर-19 और भारत ए टीमों को भी कवर करेगा।
पहले बीसीसीआई ने अपने निमंत्रण में दावेदारी के लिए यह शर्त रखी थी कि वही कंपनी दावा कर सकती थी जिसकी कमाई एक हजार करोड़ हो। लेकिन बाद में 100 करोड़ की कमाई वाली कंपनी को दावेदारी करने का मौका दे दिया।
बीसीसीआई आठ दिसंबर को यह टेंडर खोलेगी।