फारुक ने 1988 और 1999 के बीच बांग्लादेश के लिए सात वनडे मैच खेले और 2003 से 2007 और 2013 से 2016 तक, दो कार्यकालों के लिए बीसीबी मुख्य चयनकर्ता के रूप में भी काम किया।
पूर्व क्रिकेटर और मुख्य चयनकर्ता फारुक अहमद को देश में राजनीतिक अशांति के मद्देनजर नजमुल हसन पापोन की जगह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बीसीबी ने बुधवार को एक आपात बैठक की जिसमें 58 वर्षीय अहमद को चुना गया।
विज्ञापन
पापोन, जो अपने चौथे कार्यकाल में थे, देश में राजनीतिक अशांति के बाद अपनी पत्नी के साथ लंदन में हैं। वह 2009 से अवामी लीग के सांसद थे। उन्होंने 16 अन्य निदेशकों के साथ पांच अगस्त को ढाका छोड़ दिया था। बुधवार को 'क्रिकबज' ने फारुक के हवाले से कहा, 'मैंने पहले चयनकर्ता के पद से इस्तीफा दे दिया था क्योंकि मैंने इस प्रणाली का विरोध किया था। अब, मेरा लक्ष्य एक ऐसी प्रणाली बनाना है जो बोर्ड को सुचारू रूप से चला सके।'
फारुक ने 1988 और 1999 के बीच बांग्लादेश के लिए सात वनडे मैच खेले और 2003 से 2007 और 2013 से 2016 तक, दो कार्यकालों के लिए बीसीबी मुख्य चयनकर्ता के रूप में भी काम किया। उन्होंने चयन प्रक्रिया पर असहमति के बाद अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किए बिना इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रीय खेल परिषद (एनएससी) ने जलाल यूनुस और अहमद सज्जादुल आलम की जगह अहमद और एक प्रमुख स्थानीय कोच नजमुल आबेदीन को अपना नया निदेशक नियुक्त किया।
इस घोषणा के बाद उन्होंने युवा और खेल मंत्रालय में आयोजित निदेशक मंडल की बैठक में भी भाग लिया। बैठक में निदेशक महबुबुल अनम, पूर्व क्रिकेटर खालिद महमूद और अकरम खान, सलाउद्दीन अहमद, काजी इनाम अहमद, इफ्तिखार अहमद और फहीम सिन्हा शामिल हुए।
शाकिब अल हसन
- फोटो : ICC/T20 World Cup
'हम शाकिब की स्थिति पर चर्चा करेंगे'
अवामी लीग में विधायक रहे शाकिब अल हसन को पिछले हफ्ते बांग्लादेश की नई अंतरिम सरकार ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का सामना करने के लिए मंजूरी दे दी थी। फारुक ने कहा, 'हम शाकिब की स्थिति पर चर्चा करेंगे और यह भी देखेंगे कि क्या वह मौजूदा परिस्थितियों में जारी रख सकते हैं या नहीं। हम दौरे के दौरान खिलाड़ियों के आचरण के संबंध में नियमों को जोड़ने पर भी विचार कर रहे हैं, जिसमें समर्थन पर प्रतिबंध भी शामिल है।'
तमीम इकबाल को लेकर बयान
तमीम इकबाल
- फोटो : Twitter
शाकिब के साथ मतभेद रखने वाले तमीम इकबाल ने आखिरी बार 2023 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में बांग्लादेश के लिए खेला था। हालांकि, अब फारुक ने तमीम को कुछ और वर्षों तक खेलना जारी रखने का समर्थन किया। उन्होंने कहा, 'तमीम एक समझदार खिलाड़ी हैं और बांग्लादेश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। व्यक्तिगत रूप से, अगर आप मुझसे पूछें तो मैं चाहूंगा कि वह दो-तीन साल और खेलें। लेकिन मेरे चाहने का मतलब यह नहीं है कि ऐसा होगा। हमें देखना होगा कि उनकी फिटनेस कैसी है और हमें यह देखना होगा कि कौन से प्रारूप संभव होंगे। टेस्ट मुश्किल हो सकते हैं, लेकिन अगर यह वनडे हो तो अच्छा होगा।'
नए बीसीबी अध्यक्ष ने चंडिका हथुरुसिंघा को राष्ट्रीय मुख्य कोच के रूप में बरकरार नहीं रखने पर भी अपना रुख दोहराया। उन्होंने कहा, 'मैं चंडिका हथुरुसिंघा के साथ अनुबंध के विवरण के बारे में निश्चित नहीं हूं। मैं अभी भी उसी स्थान पर हूं जहां पहले था। मैंने जो कहा था उससे मैं विचलित नहीं हुआ हूं। फारुक ने कहा था कि यदि बीसीबी अध्यक्ष के रूप में अगर वह चुने जाते हैं तो चंडिका को बरकरार नहीं रखना चाहेंगे।
फारुक ने कहा, 'अब मुझे औपचारिक रूप से कुछ चीजों की समीक्षा करने की आवश्यकता है। मैं देखूंगा कि चीजें कैसे की जानी चाहिए, क्या हमें कोई बेहतर व्यक्ति मिल सकता है या कम से कम कोई ऐसा व्यक्ति मिल सकता है जो अच्छा कर सके, फिर मैं बात करूंगा।' हाथुरुसिंघा का अनुबंध 2025 चैंपियंस ट्रॉफी तक है, लेकिन अगर बीसीबी को अब उनकी सेवाओं की आवश्यकता नहीं होगी तो उन्हें पहले ही अपना पद छोड़ना होगा।