इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स का पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले स्कैन होगा जिससे पता चलेगा कि वह कितने फिट हैं। 33 वर्षीय ऑलराउंडर खिलाड़ी को अगस्त के शुरुआत में चोट लगी थी जिस कारण वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रहे थे। चोटिल होने के कारण वह बाहर चल रहे हैं, लेकिन ट्रेनिंग में सक्रिय रहे हैं।
बताया जा रहा है कि स्कैन रूटीन चेकअप का हिस्सा है। इंग्लैंड का प्रबंधन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि स्टोक्स वापसी करने में जल्दबाजी किए बिना पूरी तरह से ठीक हो जाएं। पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच सात अक्तूबर से होगा। वापसी से पहले स्टोक्स ने अपनी फिटनेस को लेकर कहा था कि वह एहतियात रवैया अपना रहे हैं। उन्होंने कहा था, मैं जोखिम लेने से अच्छा दो सप्ताह अतिरिक्त रुकने की कोशिश करूंगा और फिर लंबे समय तक खुद को मैच के लिए तैयार रखने की कोशिश करूंगा।
स्टोक्स पाकिस्तान के खिलाफ घोषित हुए 17 सदस्यीय सीरीज का हिस्सा हैं। हालांकि, अगर वह पहले टेस्ट में उपलब्ध नहीं रहते हैं तो उनकी जगह ओली पोप टीम की कमान संभालेंगे। स्टोक्स की संभावित उपलब्धता इंग्लैंड के लिए एक चयन चुनौती है, खासकर तब जब वह बल्लेबाजी करने के लिए पर्याप्त रूप से फिट हों। इंग्लैंड चार गेंदबाजों के साथ उतरने की रणनीति भी अपना सकता है। जब स्टोक्स घुटने की चोट के कारण अनुपलब्ध थे तो जो रूट पार्ट टाइम स्पिनर की भूमिका निभा रहे थे।
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सीरीज के आयोजन स्थल को लेकर भी संशय चल रहा है। शुरुआती रणनीति के तहत कराची, रावलपिंडी और मुल्तान को इस सीरीज की मेजबानी करनी थी, लेकिन कराची में कार्य चल रहा है जिससे दिक्कतें आ रही है। ऐसी भी चर्चा चल रही है कि इस सीरीज को यूएई स्थानांतरित किया जा सकता है, लेकिन इस बात की संभावना अधिक है कि मैच पाकिस्तान में ही खेले जाएंगे।