सैम करन को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में चोट लगी थी
- फोटो : सोशल मीडिया
इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन पीठ में चोट की वजह से आईपीएल के बाकी बचे मैच और टी-20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। इससे इंग्लिश टीम को बड़ा झटका लगा है। पिछले कुछ समय में वह टीम के अहम खिलाड़ियों में से एक रहे हैं। जुलाई में पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में इंग्लैंड की जीत में सूत्रधार रहे थे।
मैं मजबूती के साथ वापसी करूंगा- सैम
सैम ने चेन्नई सुपर किंग्स टीम के साथ बिताए दिनों को शानदार बताते हुए टीम को ट्रॉफी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह टीम से अलग हो रहे हैं, लेकिन जहां भी होंगे वहां से टीम का हमेशा समर्थन करेंगे। सैम ने कहा- मैं सीएसके के सभी फैंस को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुझे पिछले दोनों सीजन में बहुत सपोर्ट मिला है। मैं और मजबूती के साथ वापसी करूंगा।
करन को पीठ में लगी चोट, वापस लौटेंगे
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने मंगलवार को सैम के चोट की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आईपीएल 2021 में शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स से खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गेंदबाजी करते वक्त उन्हें चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने बोर्ड से इसकी शिकायत की थी। बाद में स्कैन करवाने पर चोट का पता चला।
रीस टॉपले को मिल सकती है जगह
ईसीबी ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में वह इंग्लैंड वापस लौट जाएंगे। इसके बाद ईसीबी की मेडिकल टीम उनकी जांच करेगी और रिव्यू देगी। टी-20 विश्व कप के लिए सैम करन और उनके भाई टॉम करन दोनों को इंग्लैंड टीम में शामिल किया गया था। इसके अलावा काउंटी क्लब सरे से खेलने वाले रीस टॉपले को रिजर्व के तौर पर टीम में रखा गया था।
इंग्लैंड टीम ओमान पहुंच चुकी
अब सैम के बाहर होने के बाद रीस को स्क्वॉड में जगह दी गई है। टी-20 स्क्वॉड में शामिल इंग्लैंड के बाकी खिलाड़ी मंगलवार को मस्कट पहुंचे और वह ओमान में ही 16 अक्तूबर तक क्वारंटीन रहेंगे। इसके बाद टीम दुबई के लिए रवाना होगी।
इंग्लैंड पहले मैच में विंडीज से भिड़ेगी
टी-20 विश्व कप की शुरुआत 17 अक्तूबर से हो रही है। इंग्लैंड अपने अभियान की शुरुआत डिफेंडिंग चैंपियन वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगा। यह मैच अबू धाबी में 23 अक्तूबर को खेला जाएगा। इसके बाद टीम 30 अक्तूबर को दुबई में ऑस्ट्रेलिया और 6 नवंबर को शारजाह में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगी।