बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड के खिलाफ माउंट माउंगानुई में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस जीत के बाद बांग्लादेशी ऑलराउंडर इबादत हुसैन चौधरी भविष्य के क्रिकेटरों के लिए एक रोल मॉडल बन गए हैं। उन्होंने ना सिर्फ अपने प्रदर्शन के दम पर बल्कि मैच के बाद जिस तरह इंटरव्यू दिया, वह तारीफ के काबिल था। उनकी बातें बांग्लादेश के फैंस को बेहद पसंद आई है।
इबादत बांग्लादेशी क्रिकेटर होने के साथ-साथ बांग्लादेश एयरफोर्स के एक्टिव सैनिक भी हैं। क्रिकेटर बनने से पहले इबादत वॉलीबॉल खिलाड़ी थे। फरवरी 2019 में बांग्लादेश की टीम में इन्होंने डेब्यू किया था। इस दाएं हाथ के सीमर ने माउंट माउंगानुई में पहले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
उन्होंने न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में 46 रन देकर छह विकेट चटकाए और बांग्लादेश की आठ विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाई। ये किसी भी प्रारूप में बांग्लादेश की न्यूजीलैंड में पहली जीत थी। इस दौरान इबादत का सेल्यूट सेलिब्रेशन भी काफी वायरल हो रहा है।
मैच के बाद इबादत ने कहा कि पूरी टीम ने इस बात की प्लानिंग की थी कि किसी भी तरह से न्यूजीलैंड को उन्हीं के घर में हराना है। उन्होंने कहा- मेरे भाइयों ने पिछले 21 साल से न्यूजीलैंड की धरती पर कोई जीत हासिल नहीं की थी। मैच से पहले हम सबने कसम खाई थी कि हमें ये मैच किसी भी हालत में जीतना है। न्यूजीलैंड इस समय टेस्ट चैंपियन है और अगर हम उन्हें अभी हरा सकते हैं, तो आने वाले समय में हमारी टीम न्यूजीलैंड को जरूर हराएगी।