ड्रॉ रहा इंडिया बी बनाम इंडिया सी मैच
इंडिया बी ने चौथे दिन सात विकेट पर 309 रन से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन टीम 108 ओवर में 332 रन पर आउट हो गई। मैच के तीसरे तीन पांच विकेट चटकाने वाले अंशुल कंबोज ने आखिरी तीनों विकेट लेकर प्रथम श्रेणी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
इंडिया बी के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन 286 गेंदों पर 157 रन बनाकर नाबाद रहे। पहली पारी में 525 रन बनाने वाली इंडिया सी ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 128 रन बनाए। इसी समय दोनों टीमों ने मैच को ड्रॉ समाप्त करने पर सहमति जता दी।
अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची इंडिया सी
पहली पारी में बढ़त से तीन अंक हासिल करने वाले इंडिया सी के नाम दो मैचों में नौ अंक हो गए। अब टीम तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। इंडिया बी को इस ड्रॉ मैच से एक अंक मिला। इंडिया सी की दूसरी पारी में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (62) ने मैच में अपना दूसरा अर्धशतक लगाया, जबकि रजत पाटीदार लगातार दूसरी बार 40 के आसपास आउट हुए।
कंबोज और ईशान ने किया प्रभावित
दलीप ट्रॉफी के इतिहास में यह केवल तीसरी बार था जब किसी तेज गेंदबाज ने एक पारी में आठ विकेट या उससे अधिक विकेट लिए हों। कंबोज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने कुल आठ विकेट चटकाए। इस मैच में भारतीय खिलाड़ी ईशान किशन ने भी प्रभावित किया। राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने लाल गेंद क्रिकेट में वापसी करते हुए इंडिया सी के लिए पहली पारी में 126 गेंदों में 111 रन बनाए।