फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs ENG: 'मेरे पिता मेरे हीरो, टेस्ट कैप उनको करूंगा समर्पित', ध्रुव जुरेल ने दिए टेस्ट में डेब्यू के संकेत

Wed, 14 Feb 2024 02:17 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, राजकोट

सार

ध्रुव जुरेल ने अपने शुरुआती घरेलू करियर में प्रभावित किया है। उन्होंने विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2022 सीजन में पदार्पण किया और जल्द ही खुद को एक विश्वसनीय मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में स्थापित कर लिया।
विज्ञापन
ध्रुव जुरेल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट में गुरुवार (15 फरवरी) को शुरू होगा। इस मैच में भारतीय टीम के लिए दो खिलाड़ी डेब्यू कर सकते हैं। खराब फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत की जगह ध्रुव जुरेल को मौका मिल सकता है। वहीं, टीम से बाहर किए गए श्रेयस अय्यर के स्थान पर मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान डेब्यू कर सकते हैं। 
विज्ञापन


उत्तर प्रदेश के 23 वर्षीय खिलाड़ी ध्रुव जुरेल ने संकेत दिए हैं कि उन्हें राजकोट टेस्ट में खेलने का मौका मिल सकता है। तीसरे टेस्ट की पूर्व संध्या पर जुरेल ने कहा कि वह पहली टेस्ट कैप अपने पिता को समर्पित करेंगे। बीसीसीआई ने मैच से एक दिन सोशल मीडिया पर जुरेल का एक वीडियो भी शेयर किया है।

शुरुआती दो टेस्ट मैचों में नहीं खेले जुरेल
आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के लिए प्रभावशाली पारियों से नाम कमाने वाले ध्रुव जुरेल को ईशान किशन की अनुपस्थिति में टेस्ट टीम में चुना गया था। हालांकि, वह पहले दो टेस्ट में बेंच पर बैठे रहे। भरत को दो मैचों में मौके मिले, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके। तीसरे टेस्ट से पहले ऐसी अटकलें हैं कि बल्ले से खराब फॉर्म को देखते हुए भरत को बाहर किया जा सकता है और ध्रुव को मौका मिल सकता है।
विज्ञापन


मंगलवार को राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में भारत के ट्रेनिंग सेशन के दौरान जुरेल ने काफी देर तक विकेटकीपिंग की थी। कप्तान रोहित शर्मा उन पर कड़ी नजर रख रहे थे। विकेटकीपिंग के अलावा जुरेल ने बल्लेबाजी का भी अभ्यास किया था। उन्होंने ने बीसीसीआई से कहा, ''अगर मुझे इंडिया कैप मिलती है तो मैं इसे अपने पिता को समर्पित करना चाहूंगा क्योंकि वह मेरे हीरो हैं। जब भी मैं भ्रमित महसूस करता हूं तो मैं उनसे बात करता हूं। वह मेरा मार्गदर्शन करते हैं। वह मेरे हीरो हैं।''



जुरेल ने सुनाया मजेदार किस्सा
जुरेल ने यशस्वी जायसवाल के साथ बातचीत में पहली बार टीम बस में बैठने की यादों को शेयर किया। उन्होंने कहा, ''ईमानदारी से कहूं तो जैसे ही मुझे पता चला कि मेरा नाम भारतीय क्रिकेट टीम में है तो मैं सचमुच घबरा गया था। इसलिए मैं बस इस बात को लेकर चिंतित था कि बस में कहां बैठूं। मुझे चिंता थी कि कोई मेरी सीट पर आ जाएगा। कोई आकर मुझसे कहेगा कि यह मेरी सीट है। इसलिए मैंने फैसला किया था कि मैं आठ बजे वाली बस में 7:59 बजे प्रवेश करूंगा। बैठने से पहले सबको देख लूंगा।''

ध्रुव जुरेल का प्रथम श्रेणी करियर
ध्रुव जुरेल ने अपने शुरुआती घरेलू करियर में प्रभावित किया है। उन्होंने विदर्भ के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2022 सीजन में पदार्पण किया और जल्द ही खुद को एक विश्वसनीय मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में स्थापित कर लिया। 15 प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 46.47 की प्रभावशाली औसत से 790 रन बनाए, जिसमें एक दोहरा शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें