पिछले कुछ दिन से सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का बल्ला बेहद शांत था लेकिन हरारे में उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे मैच में ऐसी जोरदार पारी खेली जिसे अब तक नहीं खेला था।
वनडे कॅरियर का सौंवां मैच खेलने उतरे रोहित शर्मा के साथ धवन ने पारी का आगाज किया। लेकिन रोहित (1) सस्ते में आउट हो गए। उनके बाद क्रीज पर आए कप्तान विराट कोहली (14), अंबाती रायडू (5) और सुरेश रैना (4) भी खास नहीं कर सके।
जिम्बाब्वे की कसी हुई गेंदबाजी के आगे भारत ने महज 65 रन पर चार शीर्ष विकेट गंवा दिए, ऐसे में मेहमान टीम संकट में दिख रही थी। लेकिन शानदार शतक लगाकर धवन टीम के संकटमोचक साबित हुए।
धवन ने दिनेश कार्तिक (69) के साथ संयम से खेलना शुरू किया और भारतीय पारी को आगे बढ़ाते हुए एक और शतकीय पारी खेली। उन्होंने कार्तिक के साथ 167 रनों की साझेदारी भी की, जिससे भारत तीन सौ के नजदीक पहुंचने में कामयाब रहा।
धवन ने अपने 17वें वनडे मैच में कॅरियर का तीसरा शतक ठोका। यह उनके वनडे कॅरियर की सर्वश्रेष्ठ पारी भी रही।
पिछले दो महीने से धवन और रोहित वनडे में भारतीय पारी की शुरुआत कर रहे हैं। लेकिन दोनों में तुलना की जाए तो काफी अंतर नजर आएगा। सौ वनडे मैच खेल चुके रोहित के खाते में महज दो शतक हैं। जबकि धवन अपने 17 मैचों में ही तीन शतक लगा चुके हैं।
इससे पहले धवन ने चैंपियंस ट्रॉफी में लगातार दो शतक लगाए थे। तीन शतक के अलावा धवन के खाते में तीन अर्धशतक भी हैं।