भारतीय टीम के दिग्गज सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक वीडियो जारी कर अपने फैसले की जानकारी दी। बहरहाल, आज हम आपको धवन की निजी जिंदगी से जुड़ी तमाम उन घटनाओं के विषय में बताएंगे जिनसे लड़ने के बावजूद बल्लेबाज ने कभी हार नहीं मानी।
शिखर धवन
- फोटो : @SDhawan25
नहीं मिल रहे थे मौके
दिग्गज बल्लेबाज को पिछले कुछ समय से भारतीय टीम में खेलने का मौका नहीं मिला था। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मैच दिसंबर 2022 में खेला था। इस दौरान उन्होंने सिर्फ तीन रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ उन्हें 2018 में आखिरी बार टेस्ट टीम में जगह मिली थी। जुलाई 2021 में धवन ने श्रीलंका के खिलाफ अपने करियर का आखिरी टी20 मैच खेला था। इसके बाद से वह लगातार आईपीएल में खेलते नजर आ रहे हैं।
शिखर धवन और उनकी पत्नी आयशा
- फोटो : twitter
विवादों से भरा रहा निजी जीवन
धवन का निजी जीवन विवादों से भरा रहा है। उनका पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक भी हो चुका है। शिखर धवन और आयशा की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। दोनों को मिलाने का काम टीम इंडिया के अनुभवी गेंदबाज हरभजन सिंह ने किया था। शिखर धवन से आयशा 10 साल बड़ी थीं, लेकिन लोग कहते हैं न मोहब्बत में उम्र की सीमा नहीं देखी जाती, जिसकी मिसाल शिखर ने पेश की। शिखर धवन और आयशा मुखर्जी ने साल 2009 में सगाई की और साल 2012 में दोनों ने शादी कर ली। यह आयशा मुखर्जी की दूसरी शादी थी। पहली शादी से उन्हें दो बेटियां हैं।
अपने परिवार के साथ शिखर धवन
- फोटो : twitter
2014 में हुआ बेटे का जन्म
2014 में आयशा ने धवन के बेटे जोरावर को जन्म दिया था। धवन और आयशा नौ साल तक साथ रहने के बाद अलग-अलग हो गए। अब कानूनी तौर पर दोनों का तलाक हो चुका है। वैसे धवन की पत्नी आयशा मुखर्जी का जन्म भारत में हुआ है लेकिन वह बाद में ऑस्ट्रेलिया की ओर रुख कर गईं। आयशा एक किकबॉक्सर हैं। उनके पिता बंगाली और मां ब्रिटेन की हैं।
अपने परिवार के साथ शिखर धवन
- फोटो : twitter
क्यों हुआ तलाक?
शिखर धवन और आयशा मुखर्जी की शादी टूटने से पहले इन दोनों के बीच अनबन की खबरें आती रहीं। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दोनों ने अलग होने की बात कही थी। दोनों के तलाक की वजह आयशा की पहली शादी थी। उन्होंने अपने पहले पति से वादा किया था कि वह बेटियों का ध्यान रखेंगी और ऑस्ट्रेलिया नहीं छोड़ेंगी। वहीं, धवन से उन्होंने कहा कि उनके साथ रहेंगी। शादी के बाद वह बेटे जोरावर और दोनों बेटियों के साथ ऑस्ट्रेलिया में रहती थीं। इसी वजह से दोनों के बीच अनबन हुई। आयशा ने कोर्ट में कहा कि वह वास्तव में उनके साथ भारत में रहना चाहती थीं। हालांकि, अपनी पिछली शादी से अपनी बेटियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण उन्हें ऑस्ट्रेलिया में रहना पड़ा, वह भारत में रहने के लिए नहीं आ सकीं।
Shikhar Dhawan
- फोटो : Amar Ujala
शिखर धवन का टेस्ट करियर
धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में पहला टेस्ट खेला था। 2013 से वह अब तक 34 टेस्ट में हिस्सा ले चुके हैं। धवन को पिछली बार 2018 में टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला था। उन्होंने क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में 40.61 की औसत से 2315 रन बनाए। इस दौरान सात शतक और पांच अर्धशतक लगाए। धवन का सर्वाधिक स्कोर 190 रन है।
वनडे और टी20 में भी सफल हुए धवन
शिखर ने भारत के लिए पहला वनडे 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेला था। वह 167 मैचों में 6793 रन बना चुके हैं। धवन ने 44.11 की औसत और 91.35 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। उनके नाम 17 शतक और 39 अर्धशतक हैं। टी20 करियर की बात करें तो 68 मैचों में धवन ने 1759 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 11 अर्धशतक निकले हैं।
आईपीएल में भी चला है धवन का बल्ला
धवन ने आईपीएल में भी जमकर रन बनाए हैं। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल बल्लेबाजों में एक हैं। वह सर्वाधिक रन बनाने के मामले में विराट कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं। धवन ने 222 आईपीएल मैचों में 6769 रन बनाए हैं। इस दौरान दो शतक और 51 अर्धशतक लगाए हैं। धवन का औसत 35.26 और स्ट्राइक रेट 127.14 का रहा है।