पिछले मैच में निचले पायदान की टीम किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों हार के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर चल रही गुजरात लायंस की टीम यदि घरेलू मैदान पर अपने अभियान का अंत जीत से करना चाहती है तो उसे मंगलवार को दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल मुकाबले में एकजुट प्रयास करने होंगे।
गुजरात लायंस की टीम को रविवार को लगातार तीन जीत के बाद 23 रनों से हार का सामना करना पड़ा। लगातार सुधरा प्रदर्शन कर रही दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम तीसरे स्थान पर मौजूद है। गुजरात लायंस की बल्लेबाजी विस्फोटक ओपनर ब्रेंडन मैककुलम और ड्वेन स्मिथ के इर्द-गिर्द घूम रही है। जब ये जोड़ी चली है तो लायंस ने दो सौ के आसपास का स्कोर किया है। रविवार को पंजाब के खिलाफ यह जोड़ी नहीं चल पाई थी और अब दोनों बल्लेबाज दिल्ली के खिलाफ फिर से अच्छी पारी खेलने को बेताब होंगे। कप्तान सुरेश रैना और दिनेश कार्तिक ने मध्यक्रम में अच्छा योगदान किया है।
दूसरी ओर डेयरडेविल्स की टीम गुजरात के खिलाफ अपने पिछले मैच में एक रन से मिली हार का हिसाब बराबर करना चाहेगी। मेंटर राहुल द्रविड़ और कप्तान जहीर खान के मार्गनिर्देशन में दिल्ली इस सीजन में बेहतर टीम नजर आ रही है। अब तक उसने छह में से चार मैच जीते हैं। केवल दो मैच गंवाए हैं एक गुजरात लायंस और एक कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक जिन्होंने 51 गेंदों पर 108 रन बनाकर इस सीजन की पहली शतकीय पारी खेली उसके बाद अपनी अच्छी फॉर्म जारी नहीं रख सके हैं। ओपनर श्रेयस अय्यर भी खराब दौर से गुजर रहे हैं।
युवा बल्लेबाज करुण नायर, संजू सैमसन और दक्षिण अफ्रीका के जेपी डुमिनी ने टीम की जरूरत के समय अच्छा किया है। सैम बिलिंग भी अपने पहले मैच में 34 गेंदों पर 54 रन बना चुके हैं। अंतिम एकादश में वापसी करने के बाद वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कार्लोस ब्रेथवेट ने पिछले मैच में केकेआर के खिलाफ 11 गेंदों पर 34 रनों की पारी खेली। गुजरात लायंस के खिलाफ 23 गेंदों पर 82 रन बनाकर क्रिस मौरिस साबित कर चुके हैं वह विपक्षी गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। दिल्ली की गेंदबाजी में कप्तान जहीर के अलावा मोहम्मद शमी और लेग स्पिनर अमित मिश्रा और इमरान ताहिर हैं।