दीपक चाहर ने अपने पिता के साथ फोटो शेयर कर लिखा है कि पिता ने उन्हें एक बार फिर यह दिखाया है कि जिंदगी में कैसे लड़ते हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने अपने पिता के साथ फोटो शेयर की है। यह फोटो शेयर करते हुए उन्होंने अपने पिता की जमकर तारीफ की है और यह भी साफ किया है कि उनके पिता पूरी तरह फिट होकर घर आ चुके हैं।
विज्ञापन
दीपक ने अपने पिता के साथ फोटो शेयर करते हुए लिखा "आपसे बहुत कुछ सीखा है पापा। एक बार फिर आपने दिखा दिया कि जिंदगी में या जिंदगी से कैसे लड़ना है। बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं आपका बेटा हूं। शुभकामनाओं के लिए आप सभी को धन्यवाद। अच्छी बात यह है कि मैंने पहली बार अपने पिता को डाढ़ी में देखा।"
दीपक चाहर के पिता लोकेंद्र चाहर को ब्रेन स्ट्रोक आया था। अलीगढ़ में शादी समारोह में शामिल होने आए लोकेंद्र चाहर को दो दिसंबर को मस्तिष्क आघात हुआ था। पिता के बीमार होने की खबर पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवें टी-20 मैच को छोड़कर दीपक चाहर अलीगढ़ आ गए थे। तीन दिसंबर से छह दिसंबर तक वह अपने पिता की देखभाल करते रहे। बुधवार देर रात लोकेंद्र चाहर की हालत में सुधार होने पर अस्पताल के निदेशक डॉ. राजेंद्र कुमार वार्ष्णेय ने उन्हें छुट्टी दे दी। डॉ. राजेंद्र ने बताया था कि परिजन उन्हें आगरा ले गए हैं। वह जांच कराने के लिए दो-चार दिन में फिर आएंगे। दीपक चाहर के साथ परिजनों ने चिकित्सकों की टीम और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया है।
विज्ञापन
दीपक अपने पिता की बीमारी के चलते ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में नहीं खेल पाए थे। वह लंबे समय बाद टीम इंडिया में चुने गए थे। दीपक ने भारत के लिए 25 टी20 और 13 वनडे मैच खेले हैं। उन्होंने टी20 में 31 और वनडे में 16 विकेट लिए हैं। आईपीएल में दीपक ने 73 मुकाबलों में 72 विकेट लिए हैं।