फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: एक ओवर में 39 रन! समोआ के इस बल्लेबाज ने टी20 में खेली ऐतिहासिक पारी, 14 छक्कों की मदद से बनाए 132 रन

Tue, 20 Aug 2024 12:53 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

यह डेरियस विसर का सिर्फ तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था और उसी में उन्होंने ऐतिहासिक पारी खेल दी। पिछले दो अंतरराष्ट्रीय मैचों में विसर ने 30* और 21 रन की पारी खेली थी।
विज्ञापन
डेरियस विसर - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

समोआ के मध्यक्रम के बल्लेबाज डेरियस विसर ने मंगलवार को वनातु के खिलाफ एक ओवर में 39 रन बनाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बनाया। विसर ने तेज गेंदबाज नलिन निपिको के एक ओवर में छह छक्के मारे। इस ओवर में तीन नोबॉल भी शामिल थीं जिससे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में सर्वाधिक रन का नया रिकॉर्ड बन गया। उन्होंने 62 गेंदों में पांच चौकों और 14 छक्कों की मदद से 132 रन बनाए। विसर इस प्रारूप में शतक बनाने वाले समोआ के पहले बल्लेबाज हैं। इससे पहले पांच अवसरों पर किसी गेंदबाज ने एक ओवर में 36 रन दिए। इन गेंदबाजों में स्टुअर्ट ब्रॉड (2007), अकिला धनंजय (2021), करीम जन्नत (2024), कामरान खान (2024) और अजमतुल्लाह उमरजई (2024) शामिल हैं।
विज्ञापन

दरअसल, मंगलवार को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप सब रिजनल ईस्ट एशिया पैसिफिक क्वालिफायर-ए इवेंट में समोआ का मुकाबला वनातु से था। एपिया में खेले गए इस मैच में विसर की पारी की बदौलत एक ओवर में 39 रन बने। पारी के 15वें ओवर में विसर ने छह छक्के लगाए और इसमें उनकी मदद तीन नो बॉल ने की। विसर ने यह रन वनातु के निपिको के ओवर में बटोरे। विसर ने साथ ही युवराज द्वारा 17 साल पहले बनाए गए रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। यह रिकॉर्ड है एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी टीम द्वारा एक ओवर में सबसे ज्यादा रन बनाने का। युवी ने 2007 टी20 विश्व कप में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड की लगातार छह गेंदों पर छह छक्के लगाए थे। तब भारत ने एक ओवर में 36 रन बटोरे थे। इसके अलावा वेस्टइंडीज के किरोन पोलार्ड ने 2021 में, निकोलस पूरन ने 2024 में और नेपाल के दीपेंद्र सिंह एयरी ने 2024 में एक ओवर में 36-36 रन बटोरे थे।

युवराज और डैरियस - फोटो : Twitter
विसर ने 15वें ओवर में निपिको की पहली तीन गेंद पर तीन छक्के लगाए। इसके बाद निपिको ने नो बॉल फेंकना शुरू किया और तीन नो बॉल फेंक डाले, जिससे विसर को तीन अतिरिक्त गेंदें मिलीं। इतना ही नहीं, विसर ने पांचवीं गेंद डॉट भी खेली थी। इसके बावजूद वह 39 रन बटोरने में कामयाब रहे। टी20 अंतरराष्ट्रीय ही नहीं, ओवरऑल टी20 में भी एक ओवर में सबसे ज्यादा रन आने का रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले टी20 में एक ओवर में सबसे ज्यादा रन आने का रिकॉर्ड 38 रन का था। यह रिकॉर्ड 24 जुलाई, 2012 को ससेक्स और ग्लॉस्टरशायर के बीच मुकाबले में बना था। अब समोआ की टीम आगे निकल गई है।
एक ओवर में कैसे बने 39 रन?
  • पहली गेंद: डेरियस विसर ने छक्का जड़ा
  • दूसरी गेंद: डेरियस विसर ने छक्का जड़ा
  • तीसरी गेंद: डेरियस विसर ने छक्का जड़ा
  • चौथी गेंद: नोबॉल का एक रन
  • चौथी गेंद: डेरियस विसर ने छक्का जड़ा
  • पांचवीं गेंद: डॉट बॉल (कोई रन नहीं)
  • छठी गेंद: नोबॉल का एक रन
  • छठी गेंद: नोबॉल, डेरियस विसर ने छक्का जड़ा, सात रन मिले
  • छठी गेंद: डेरियस विसर ने छक्का जड़ा
विज्ञापन

मैच की बात करें तो विसर की पारी की बदौलत मैच में समोआ ने 174 रन का स्कोर बनाया। विसर के बाद उनकी टीम की तरफ से दूसरा सर्वोच्च स्कोर कप्तान कालेब जसमत का 16 रन था। इसके जवाब में वनातु की टीम नौ विकेट पर 164 रन ही बना सकी और 10 रन से मैच हार गई। विसर ने 62 गेंद में 132 रन की तूफानी पारी खेली। इनमें पांच चौके और 14 छक्के शामिल हैं। यह विसर का सिर्फ तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था और उसी में उन्होंने ऐतिहासिक पारी खेल दी। पिछले दो अंतरराष्ट्रीय मैचों में विसर ने 30* और 21 रन की पारी खेली थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें