महेंन्द्र सिंह धोनी, एन श्रीनिवासन और एम के स्टैलिन
- फोटो : सोशल मीडिया
आईपीएल 2021 के फाइनल मैच में कोलकाता को हराकर चौथी बार चैंपियन बनने के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स ने जीत का जश्न शनिवार को मनाया। चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम में धोनी के अलावा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन, एन श्रीनिवासन, बीसीसीआई सेक्रेट्री जय शाह और दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव भी शामिल हुए। चेन्नई को फाइनल जिताने के बाद धोनी भारतीय टीम के साथ जुड़ गए थे और मेंटर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके भारत लौटने के बाद चेन्नई ने अपने कप्तान के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान धोनी ने कहा कि वो अपना आखिरी मैच चेन्नई में ही खेलेंगे।
धोनी ने कहा कि उन्होंने हमेशा ही प्लान करके क्रिकेट खेला है। उनका आखिरी मैच रांची में था। उन्होंने भारत में जो आखिरी वनडे मैच खेला वह रांची में था और उनका आखिरी टी-20 मैच चेन्नई में ही होगा। वो चाहे अगले साल हो या अगले पांच सालों में हो। इस समारोह में वो खिलाड़ी शामिल नहीं हुए जो अपने देश के लिए या घरेलू क्रिकेट में खेल रहे हैं।
भारत में ही होगा आईपीएल का अगला सीजन
इस कार्यक्रम में बीसीसीआई के सेक्रेट्री जय शाह भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि आईपीएल का अगला सीजन भारत में ही खेला जाएगा। ऐसे में धोनी अगला सीजन खेल सकते हैं और चेन्नई में घरेलू फैंस के सामने क्रिकेट को पूरी तरह से अलविदा कह सकते हैं। उन्होंने अचानक से ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर विराट को कप्तान बनाया गया था। वहीं कोरोनाकाल में जब खेल से जुड़ी सभी तरह की गतिविधियां रुकी हुई थीं, तब धोनी ने वनडे और टी-20 क्रिकेट से संन्यास का एलान किया था। अब वो चेन्नई के मैदान में फैंस के सामने अपना करियर खत्म करना चाहेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले बोले अगला सीजन खेलने पर विचार करेंगे
इस समारोह में शामिल होने से पहले धोनी ने कहा कि वो आईपीएल 2022 में खेलने के बारे में विचार करेंगे। अभी इसके आयोजन में काफी समय बचा हुआ है और उन्हें तुरंत फैसला करने की जरूरत नहीं है। चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान धोनी ने कहा कि अभी हम नवंबर में हैं और आईपीएल अगले साल अप्रैल में होगा। इसलिए उनके पास इस बारे में फैसला लेने का भरपूर समय है।
आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम रही है चेन्नई
चेन्नई आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे सफल टीम है, जिसने चार बार यह ट्रॉफी अपने नाम की है। वहीं मुंबई की टीम ने पांच बार यह खिताब जीता है। चेन्नई ने जितने सीजन खेले हैं उनमें सिर्फ 2019 को छोड़कर हर सीजन में यह टीम प्लेऑफ में पहुंची है। चेन्नई ने अपने चारों खिताब धोनी की कप्तानी में ही जीते हैं और हर सीजन में धोनी ही चेन्नई के कप्तान रहे हैं।
कोलकाता को हराकर जीता था फाइनल
आईपीएल 2021 के फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 27 रन से हराया था। इस जीत के साथ सीएसके ने चौथा आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। यह सभी खिताब सीएसके ने धोनी की कप्तानी में जीते हैं। चेन्नई ने इससे पहले 2010, 2011 और 2018 में खिताब जीता था। 2020 में फिसड्डी रहने वाली सीएसके टीम ने इस बार कायापलट करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। पिछले सीजन चेन्नई प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली पहली टीम बनी थी। वहीं, इस बार चेन्नई प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम, फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम और चैंपियनशिप जीतने वाली टीम बन गई।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 192 रन बनाए थे। फाफ डुप्लेसिस ने सबसे ज्यादा 86 रन की पारी खेली थी। इसके जवाब में कोलकाता की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 165 रन ही बना सकी। केकेआर की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद यह मैच हार गई थी। इस मैच में शुभमन गिल ने 51 रन और वेंकटेश अय्यर ने 50 रन की पारी खेली थी।