टी20 क्रिकेट की चकाचौंध के बीच वनडे की लोकप्रियता को बचाए रखने के लिए आईसीसी की ओर से नियमों में किए गए बदलाव युवराज सिंह सहित कई खिलाड़ियों पर भारी पड़ रहे हैं। एमएस धोनी, डेरेन सैमी, ब्रैंडन मैकुलम, माहेला जयवर्द्घने जैसे कप्तानों का मानना है कि नए नियमों के बीच खिलाड़ियों को तालमेल बिठाने के लिये संघर्ष करना पड़ रहा है।
गेंदबाजी से कतराने लगे हैं युवी
आईसीसी के नए नियमों में भारत के युवराज सिंह सहित अन्य टीमों के पार्टटाइम गेंदबाज गेंदें करने से कतराते दिख रहे हैं। विश्व कप के दौरान युवराज गेंदबाजी में काफी सफल रहे थे। लेकिन हाल ही में संपन्न हुए पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज़ में उन्होंने केवल छह ओवर किये और इनमें उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। कप्तान धोनी ने कहा कि नए नियमों के अनुसार पांच क्षेत्ररक्षकों का सर्किल के अंदर रहना अनिवार्य है। युवराज को इस तरह के क्षेत्ररक्षण में गेंदबाजी करना पसंद नहीं है। कप्तान धोनी पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों के फ्लॉप होने के पीछे भी नए नियम को जिम्मेदार मानते हैं।
नए सिरे से तैयारी में जुटे अंग्रेज
इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाली सीरीज़ से पहले नियमों से माथापच्ची कर रही है। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले इंग्लैंड टीम को भारत 'ए' और दिल्ली के खिलाफ दोनों अभ्यास मैचों में हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के ऑफ स्पिनर जेम्स ट्रेडवेल इसका कारण नये नियमों से तालमेल नहीं बिठा पाना मानते हैं। उन्होंने कहा कि वनडे के नये नियम थोड़े मुश्किल हैं और हमें इनको लेकर माथापच्ची करनी पड़ रही है।
स्पिनरों पर भारी पड़ रहे नए नियम
एक पारी में दो गेंदों का इस्तेमाल होने से स्पिनरों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। वेस्टइंडीज के कप्तान डेरेन सैमी का मानना है कि इससे स्पिनरों की समस्याएं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि अब यह बल्लेबाजों के लिये अधिक अनुकूल बन गया है। मुझे सुनील नरेन सहित अन्य स्पिनरों के प्रति सहानुभूति है। उन्हें किफायती गेंदबाजी करने के लिये अधिक मेहनत करनी पड़ेगी।
श्रीलंकाई कप्तान माहेला जयवर्द्घने ने कहा कि पांच क्षेत्ररक्षकों को सर्किल के अंदर रखने से गेंदबाजों के लिये अच्छा प्रदर्शन करना मुश्किल हो गया है। उन पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा क्योंकि बिना पॉवरप्ले वाले ओवरों में सर्किल के बाहर केवल चार क्षेत्ररक्षक रहेंगे और ऐसे में गेंद को सीमा रेखा पार पहुंचाना आसान होगा।
बैटिंग ऑर्डर में दिख सकता है बदलाव
दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज़ 19 जनवरी से शुरू होगी। न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने नए नियम से पार पाने के लिए बैटिंग ऑर्डर में बदलाव की रणनीति अपना सकते हैं। मैकुलम ने कहा कि वनडे क्रिकेट के नियमों के बदलाव के बाद हम कई टीमों के बल्लेबाजी लाइन अप में भी बदलाव देख सकते हैं। इन हालात में मेरा बाद में बल्लेबाजी करना सही रहेगा।
क्या है नियम
आईसीसी के नये नियमों के अनुसार वनडे मैचों में दोनों छोर से नई गेंद का इस्तेमाल किया जाएगा। गेंदबाज एक ओवर में दो बाउंसर फेंक सकते हैं। मैच में पूरे समय तीस गज के घेरे के बाहर केवल चार क्षेत्ररक्षक होते हैं। अर्थात पांच क्षेत्ररक्षकों का सर्किल के अंदर रहना अनिवार्य है। साथ ही अब एक पारी में केवल दो पॉवरप्ले होते हैं।