भारतीय टेस्ट टीम में मध्यक्रम के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने पूजा पाबरी के साथ सगाई कर ली है। 15 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज के लिए टीम में शामिल किए गए पुजारा ने बेहद सादगी से सगाई की। इस मौके पर दुल्हा-दुल्हन के परिवार वालों के अलावा सौराष्ट्र टीम के कप्तान जयदेव शाह मौजूद रहे।
24 वर्षीय चेतेश्वर के पिता अरविंद पुजारा ने बताया कि यह सगाई दोनों परिवारों की सहमती से हुई है। अरविंद ने कहा कि अगले कुछ महीने चेतेश्वर क्रिकेट में काफी व्यस्त रहेंगे इसलिए शादी की कोई निश्चित तिथि नहीं तय की गई है।
22 वर्षीय पूजा ने राजस्थान के माउंट आबू से स्कूली पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने मुंबई से एमबीए किया। पूजा के पिता रसिक पाबारी कमोडिटी सेक्टर में कारोबारी हैं। पाबारी का परिवार जोधपुर का रहने वाला है और बाद में बिजनेस के कारण राजकोट में बस गया।
रणजी क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने वाले पुजारा ने अक्टूबर 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलूर में टेस्ट क्रिकेट में पर्दापण किया था। इस मैच की दूसरी पारी में 72 रनों की साहसिक पारी खेलकर पुजारा ने अपनी प्रतिभा से लोगों का ध्यान खिंचा था।
पुजारा चोट के चलते करीब दो साल क्रिकेट से दूर रहे। इसके बाद 2012 अगस्त में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में शतक जड़कर इस मध्यक्रम के बल्लेबाज ने दमदार वापसी की। पुजारा रणजी क्रिकेट में सौराष्ट्र के लिए खेलते हैं। हाल के वर्षों में पुजारा द्वारा घरेलू क्रिकेट में खेली गई लंबी पारी को देखते हुए उन्हें राहुल द्रविड़ का विकल्प माना जा रहा है।