भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री ने ढेरों उपलब्धियां हासिल की हैं लेकिन दोनों की जोड़ी अभी तक कोई भी बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट जीतने में नाकाम रही है। ऐसे में यूएई और ओमान में होने वाला आगामी टी-20 विश्व कप दोनों के लिए बेहद अहम है। ऐसी अटकलें हैं कि वर्ल्ड कप के परिणाम के मुताबिक ही दोनों की आगे की राहें तय होंगी। हालांकि बीसीसीआई की तरफ इसे लेकर अभी तक कुछ आधिकारिक तौर पर नहीं कहा गया है।
टी-20 वर्ल्ड कप के बाद रवि शास्त्री का भारतीय टीम के कोच के तौर पर कार्यकाल खत्म हो जाएगा और रिपोर्ट के मुताबिक वह इसे आगे बढ़ाने के इच्छुक नहीं हैं, ऐसे में राहुल द्रविड़ के कोच बनने को लेकर भी कई अटकलें लगाई जा रही हैं। इस मामले में अब बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने बड़ा बयान दिया है।
पूर्व कप्तान ने दी टेलीग्राफ से बातचीत में कहा, 'उन्होंने द्रविड़ से इस संबंध में अभी तक कोई चर्चा नहीं की है। मुझे लगता है कि वह इसे स्थायी तौर पर करने में रुचि नहीं रखता है। लेकिन हमने अभी तक इसपर मुख्य रूप से कोई बात नहीं की है। हम जब समय आएगा तब देखेंगे।'
गौरतलब है कि पूर्व भारतीय दिग्गज राहुल द्रविड़ मौजूदा समय में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के डायरेक्टर हैं। लेकिन इससे पहले वह इंडिया ए और इंडिया अंडर-19 टीम को कोचिंग दे चुके हैं। उनकी कोचिंग में पृथ्वी शॉ की अगुवाई वाली टीम ने 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था। द्रविड़ को अक्सर भारतीय टीम की बेंच स्ट्रेंथ को मजबूत करने का श्रेय दिया जाता है। उन्हें हाल ही में रवि शास्त्री की गैरमौजूदगी में श्रीलंकाई दौरे पर भारतीय टीम का कोच बनाकर भेजा गया था।