वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ब्रायन लारा ने युवा भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की जमकर सराहना की। उन्होंने दावा किया कि यशस्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगले महीने होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में अहम भूमिका निभाएंगे। लारा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया जैसी पिचों पर जायसवाल के सीमित अनुभव के बावजूद, युवा बल्लेबाज की तकनीक और दृढ़ संकल्प उन्हें बल्ले से चमकने में मदद करेगी।
2023 में टेस्ट में डेब्यू करने के बाद से यशस्वी ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 11 मैचों में 1217 रन बनाए हैं जिसमें तीन शतक शामिल हैं। इसमें से दो दोहरे शतक हैं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में स्कोर करने की उनकी क्षमता ने उन्हें भारत के लिए एक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी बना दिया है।
'किसी भी परिस्थिति में खेल सकते हैं यशस्वी'
लारा ने यशस्वी की तारीफ करते हुए कहा, यशस्वी के पास किसी भी हालात में खेलने की क्षमता है। मैंने उसे वेस्टइंडीज में देखा है। ऑस्ट्रेलिया की पिचें अलग होंगी लेकिन अगर आपके भीतर इस तरह की क्षमता है तो आप हर हालात में अच्छा खेल सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि वह अच्छा खेलेगा। यशस्वी और अभिषेक शर्मा, दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और काफी युवा हैं। यह दोनों अपने स्टाइल में खेलते हैं और आक्रमक होकर बल्लेबाजी करते हैं।
लारा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में कामयाब होने के लिए यशस्वी को कुछ मानसिक सामंजस्य करने होंगे। लारा ने कहा, सामंजस्य यही है कि आपको खुद पर यह भरोसा रखना होगा कि आप हर हालात में अच्छा खेल सकते हैं। वैसे भारत में अब हालात बदल गए हैं। आईपीएल में इतने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आ रहे हैं। आपके खिलाड़ियों के पास अलग तरह की स्पर्धा है जो अच्छी बात है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि तकनीकी तौर पर बहुत कुछ करने की जरूरत है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए यशस्वी का टीम में शामिल होना अपरिहार्य लगता है। यदि उन्हें चुना जाता है, तो भारत के बल्लेबाजी क्रम के शीर्ष क्रम में उनका प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया की तेज पिचों पर देखने लायक होगा।