बांग्लादेश महिला क्रिकेट टीम की एक क्रिकेटर को पुलिस ने ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिराफ्तार किया है। महिला क्रिकेटर के पास से पुलिस ने 14000 मेथांफेटामाइन टैबलेट बरामद की हैं। यह नशीली दवा होती है, जिसे ड्रग्स के तौर पर नशे के लिए इस्तेमाल किया जाता है। बांग्लादेश की इस महिला क्रिकेटर का नाम नजनीन खान मुक्ता बताया जा रहा है, जो ढाका प्रीमियर लीग में अंसर टीम के लिए खेलती हैं।
सूत्रों के मुताबिक नजरी खान मैच खेलकर वापस लौट रही थीं कि तभी चिटगांव में पुलिस ने उनकी बस रोककर तलाशी लेनी शुरू कर दी। इस छानबीन में पुलिस को 14000 ड्रग्स की गोलियां उनके बैग से मिलीं। स्थानीय पुलिस चीफ प्रनब चौधरी ने बताया कि सर्च के दौरान हमने नजरी के पास 14000 याबा गोलियां बरामद की जो कि एक पैकेट में रखी हुई थी।
यह मामला सामने आने के बाद महिला क्रिकेटर के खिलाफ ड्रग तस्करी का मामला दर्ज किया जाएगा। ऐसे में उन्हें अधिकतम उम्र कैद की सजा भी हो सकती है। गौर करने वाली बात यह है कि जिस जगह पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली, वो कॉक्स बाजार है जो कि म्यांमार की सीमा के पास है। बता दें कि यहां से लाखों ड्रग्स की गोलियां बनाई जाती है जिसे बांग्लादेश भेजा जाता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि म्यांमार में 700000 रोहिंग्या के पलायन के बाद बांग्लादेश में तस्करी काफी बढ़ गई है। अपराधियों का गैंग रोहिंग्या शरणार्थियों का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनकी नाव में इसे भेज रहे हैं। पिछले महीने शुरू हुई इस छानबीन में अब तक 90 लाख ड्रग्स की गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। लगातार ड्रग्स की तस्करी बढ़ने के बाद ढाका तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कानून लाने की तैयारी कर रही है।