पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम ने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स को अपने करियर के दौरान के दौरान का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना। बाबर हाल ही में डिविलियर्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू में दिखाई दिए और जब पूर्व प्रोटियाज बल्लेबाज ने उनसे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुनने के लिए कहा, तो बाबर किसी भी सक्रिय क्रिकेटर को तरजीह न देते हुए डिविलियर्स को अपना पसंदीदा बताया। डिविलियर्स इस जवाब से हैरान रह गए। हालांकि, उन्होंने बाबर से उनके अलावा किसी और को चुनने के लिए कहा, लेकिन पाकिस्तान के क्रिकेटर अपने फैसले पर टिके रहे।
बाबर ने अपने करियर में सबसे कठिन गेंदबाज के बारे में भी खुलासा किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस का नाम लिया। डिविलियर्स ने फिर बाबर से उनकी फोनबुक में सबसे प्रसिद्ध व्यक्ति के बारे में पूछा। साथ ही मजाक में यह भी कहा कि बाबर फिर से डिविलियर्स का नाम नहीं ले सकते। इस पर पाकिस्तानी कप्तान ने प्रसिद्ध पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम का नाम लिया।
इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने कनाडा में ग्लोबल टी20 लीग के लिए शाहीन शाह अफरीदी, बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) देने से इनकार कर दिया था। यह निर्णय द हंड्रेड टूर्नामेंट के लिए नसीम शाह को एनओसी से इनकार के तुरंत बाद आया। पीसीबी ने एक बयान में स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों और चयन समिति से सलाह मशविरा करने के बाद यह फैसला किया गया।
पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- अगस्त 2024 से मार्च 2025 के दौरान पाकिस्तान के व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए, जिसमें नौ आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप मैच और अगले साल आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 शामिल हैं, खिलाड़ियों के एनओसी के अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया गया है। तीनों खिलाड़ियों के साथ-साथ राष्ट्रीय चयन समिति से भी सलाह ली गई है।
पीसीबी ने एक बयान में कहा, 'तीनों सभी प्रारूप के क्रिकेटर हैं और आगामी आठ महीनों में उनकी सेवाओं की जरूरत पड़ेगी जिसमें पाकिस्तान को नौ टेस्ट, 14 वनडे और नौ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने हैं। पीसीबी की कार्यभार प्रबंधन नीति के अनुसार यह पाकिस्तान क्रिकेट और खिलाड़ियों के हित में है कि वे कनाडा में होने वाले आगामी टूर्नामेंट में भाग नहीं लें जिससे कि वे सत्र के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहें।'