पाकिस्तान के अंपायर अलीम डार एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम करने के लिए तैयार हैं। गुरुवार से ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच शुरू हो रहे डे-नाईट टेस्ट मैच में उतरते ही डार टेस्ट मैच में सबसे अधिक बार अंपायरिंग करने वाले अंपायर बन जाएंगे।
पर्थ में होने वाला मुकाबला डार के लिए बतौर अंपायर 129 वां टेस्ट मैच होगा जो किसी भी अंपायर के लिए सर्वाधिक होगा। वे पूर्व अंपायर स्टीव बकनर के 128 मैचों में अंपायरिंग के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे।
51 वर्षीय अलीम डार ने दशकों तक पाकिस्तान की तरफ से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेलने के बाद साल 2000 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच में बतौर अंपायर डेब्यू किया था। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में 2003 में उन्होंने ढाका में इंग्लैंड और बांग्लादेश सीरीज में पहली बार अंपायरिंग की थी।
डार ने टेस्ट के अलावा 207 वनडे मैच और 46 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच में अंपायरिंग की है और वनडे में रिकॉर्ड बनाने से तीन मैच दूर हैं।