ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच सिडनी क्रिकेट मैदान पर होने वाले तीसरे टेस्ट में सभी की नजरें सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर पर टिकी होंगी जो अपने कॅरिअर का आखिरी टेस्ट खेलने जा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया पर्थ और मेलबर्न टेस्ट के साथ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज पहले ही जीत चुका है। पाकिस्तान ने आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया को किसी टेस्ट में 1985 में एससीजी पर ही हराया था।
वॉर्नर ने हाल ही में वनडे क्रिकेट से भी संन्यास की घोषणा की थी। उन्होंने हालांकि यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में वापसी कर सकते हैं। वह जून में होने वाले टी-20 विश्वकप तक टी-20 क्रिकेट खेलते रहेंगे। ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं ने कहा है कि मेलबर्न में 79 रन से जीतने वाली टीम में कोई बदलाव नहीं होगा।
पाकिस्तान ने तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी और सलामी बल्लेबाज इमामुल हक को तीसरे टेस्ट से बाहर करने का फैसला किया है। स्पिनर अबरार अहमद दाएं पैर में चोट के कारण बाहर हैं। कप्तान शान मसूद ने पहले कहा था कि पाकिस्तान दो स्पिनरों को उतार सकता है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
ऑस्ट्रेलियाः डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
पाकिस्तानः सैम अयूब, अब्दुल्ला शफीक, शान मसूद (कप्तान), बाबर आजम, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, हसन अली, साजिद खान, आमेर जमाल, मीर हमजा।