ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की जमकर सराहना की है और उन्हें इस खेल का बेहतरीन विचारक बताया है जो अपनी टीम की सफलता को प्राथमिकता देते हैं। स्टार्क ने गंभीर के साथ आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में काम किया है। गंभीर इस सीजन केकेआर के मेंटर थे। हालांकि, बाद में वह भारतीय टीम को कोच नियुक्त किए गए। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अगले महीने से पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जानी है।
केकेआर ने स्टार्क के लिए लगाई थी रिकॉर्ड बोली
कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस साल की शुरुआत में स्टार्क को रिकॉर्ड 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था जिससे वह टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। स्टार्क का लीग चरण में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा लेकिन नॉकआउट के दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मालूम हो कि केकेआर ने गंभीर की अगुआई में 10 साल बाद आईपीएल का खिताब जीता था। गंभीर इससे पहले टीम को 2012 और 2014 में अपनी कप्तानी में भी दो बार इस टूर्नामेंट का विजेता बना चुके हैं।
स्टार्क ने कहा, कोलकाता में अपने अनुभव से बोलते हुए मैं कहूंगा कि गंभीर इस खेल के शानदार विचारक हैं। वह हमेशा प्रतिद्वंद्वी के बारे में सोचते हैं और गेंदबाजी आक्रमण के रूप में उन्हें कैसे आउट करना है या बल्लेबाजी आक्रमण के रूप में कैसे रन बनाना है। यह सिर्फ व्यक्तिगत खिलाड़ियों के बारे में नहीं है। यह हमेशा टीम की एकाग्रता के बारे में है और तकनीक या क्षेत्ररक्षण सजाने या इस तरह की किसी भी चीज में छोटी-छोटी चीजों पर कैसे ध्यान दिया जाए इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। आईपीएल के दौरान मैंने उनके साथ जो नौ हफ्ते बिताए वे शानदार रहे।
ऑस्ट्रेलिया में अब गंभीर और स्टार्क विपरीत छोर पर होंगे। भारत को 22 नवंबर से पर्थ में होने वाले पहले टेस्ट मैच से बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत करनी है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया में पिछली दो टेस्ट सीरीज जीती है और अब उसकी नजरें ऑस्ट्रेलियाई धरती पर हैट्रिक लगानी की होगी। कोच के रूप में गंभीर के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरा काफी कठिन चुनौती होगी। प्रशंसकों को इस सीरीज के दौरान गंभीर की रणनीति देखने का बेसब्री से इंतजार है।
द्रविड़ की जगह संभाला था पद
गंभीर ने राहुल द्रविड़ की जगह भारतीय टीम के मुख्य कोच का पद संभाला था। इस साल जून में टी20 विश्व कप में मिली खिताबी जीत के बाद द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया था और उन्होंने आगे इस पद पर नहीं बने रहने की इच्छा जताई थी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने फिर यह जिम्मेदारी पूर्व भारतीय बल्लेबाज गंभीर को सौंपी थी। आईपीएल में सफलता को देखते हुए गंभीर को कोच बनाने की मांग भी तेज हुई थी। गंभीर के कार्यकाल में भारत ने श्रीलंका से टी20 सीरीज जीती, जबकि वनडे में उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट और फिर टी20 सीरीज में भारत ने क्लीन स्वीप किया था। ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले भारत को 16 अक्तूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।