8 गेंद शेष रहते 6 विकेट से मिली जीत ने वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पहुंचा दिया। जहां उसका मुकाबला सीरीज के अंतिम लीग मैच की विजेता टीम से होगी। यह मैच मेजबान वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुक्रवार को खेला जाएगा।
5 बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज के आठवें और अपने अंतिम लीग मैच में कैरेबियाई टीम से मिले 283 रनों के लक्ष्य के जवाब में 4 विकेट खोए और 49वें ओवर में ही यह मैच जीत लिया। इस जीत से टीम फाइनल में भी पहुंच गई।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी 27 पारियों में मार्लोन सैंमुअल्स (125) के बल्ले से निकली पहली शतकीय पारी और दिनेश रामदीन के साथ रिकॉर्ड 192 रनों की साझेदारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 8 विकेट पर 282 रन बना लिए।
लेकिन कैरेबियाई टीम की ओर से खेली गई ये पारियां ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ (78) और मिचेल मार्श (नाबाद 79) के अर्धशतकों के आगे बेकार साबित हो गईं। साथ ही ग्लेन मैक्सवेल की 46 रनों (26 गेंद) की नाबाद तूफानी पारी ने भी काम बिगाड़ दिया।
हार के बाद भी वेस्टइंडीज अभी भी फाइनल की रेस में है क्योंकि शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाले मुकाबले की विजेता टीम ही फाइनल में पहुंचेगी। फाइनल रविवार को खेला जाएगा।