फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

AUS vs BAN Preview: ऑस्ट्रेलिया के सामने बांग्लादेश का कड़ा इम्तिहान, कप्तान शाकिब यह मैच नहीं खेलेंगे

Sat, 11 Nov 2023 08:40 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पुणे

सार

ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर आठ पारियों में 446 रन बना चुके हैं, जबकि छठे नंबर के बल्लेबाज मैक्सवेल ने 397 रन बना लिए हैं जिसमें विश्व कप में वनडे का सबसे तेज शतक और एक दोहरा शतक शामिल है।
विज्ञापन
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सेमीफाइनल में जगह बना चुकी आत्मविश्वास से ओतप्रोत ऑस्ट्रेलियाई टीम विश्व कप के आखिरी लीग मैच में शनिवार को शाकिब अल हसन के बिना उतरने वाली बांग्लादेश के खिलाफ इस लय को कायम रखने उतरेगी। पांच बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने पिछले छह मैचों में शानदार प्रदर्शन करके जीत दर्ज की है। वहीं, बांग्लादेश टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम रही। पैट कमिंस की टीम ने ग्लेन मैक्सवेल के नाबाद दोहरे शतक के दम पर अफगानिस्तान पर चमत्कारिक जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
विज्ञापन

मैक्सवेल से फिर तूफानी पारी की उम्मीद

ऐतिहासिक पारी के दौरान ग्लेन मैक्सवेल - फोटो : सोशल मीडिया
जीत के लिए 292 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट 91 रन पर गंवा दिए थे जिसके बाद चोट से जूझते हुए मैक्सवेल ने 128 गेंद में नाबाद 201 रन बनाए। दूसरी ओर बांग्लादेश ने तनावपूर्ण मुकाबले में श्रीलंका को तीन विकेट से हराकर 2025 चैंपियंस ट्रॉफी क्वालिफिकेशन की उम्मीदें कायम रखी हैं। एंजेलो मैथ्यूज को टाइम आउट किए जाने से वह मैच काफी तनावपूर्ण हो गया था। मेजबान पाकिस्तान समेत आठ शीर्ष टीमें 2025 चैंपियंस ट्रॉफी खेलेंगी। बांग्लादेश आठवें स्थान पर है और इस पर बने रहने की कोशिश में होगा। उनकी नजरें चैंपियंस ट्रॉफी पर होंगी, जिसमें विश्व कप की शीर्ष आठ टीमें क्वालिफाई करेंगी। 

चोटिल कप्तान शाकिब की खल सकती है कमी

शाकिब और रहीम - फोटो : सोशल मीडिया
कप्तान शाकिब ने पिछले मैच में दो विकेट लिए और 65 गेंद में 82 रन बनाए लेकिन मैथ्यूज को आउट करने से उनकी खेलभावना पर सवाल उठे हैं। वह आखिरी मैच में बाएं अंगूठे में फ्रेक्चर के कारण नहीं खेल सकेंगे। अनामुल हक को आखिरी मैच के लिए बुलाया गया है। नजमुल हुसैन शांतो इस मैच में कप्तानी करेंगे जिनके सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोकने की चुनौती होगी।

बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी का जिम्मा शरीफुल इस्लाम और मेहदी हसन मिराज पर होगा। युवा तंजिम हसन शाकिब ने तीन विकेट लिए लेकिन दस ओवर में 80 रन दे डाले। बल्लेबाजों में लिटन दास और शंटो से अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी जबकि निचले क्रम पर महमूदुल्लाह और मुशफिकुर रहीम जिम्मा संभालेंगे। उनका सामना हालांकि मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और एडम जाम्पा से है।

वॉर्नर और मैक्सवेल प्रचंड फॉर्म में

ट्रेविस हेड और डेविड वॉर्नर - फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया के लिए डेविड वॉर्नर आठ पारियों में 446 रन बना चुके हैं, जबकि छठे नंबर के बल्लेबाज मैक्सवेल ने 397 रन बना लिए हैं जिसमें विश्व कप में वनडे का सबसे तेज शतक और एक दोहरा शतक शामिल है। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने वापसी पर शतक जमाया है, जबकि मिचेल मार्श ने अर्धशतक और शतक बनाया है लेकिन मध्यक्रम अपेक्षा के अनुरूप नहीं खेल पाया है। बांग्लादेश के गेंदबाज इस कमजोरी का फायदा उठाने की फिराक में होंगे।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश - फोटो : social media
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, एडम ज़म्पा, जोश हेजलवुड/शॉन एबॉट

बांग्लादेश: तंजीद हसन, लिटन दास, नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), महमुदुल्लाह, मुश्फिकुर रहीम (विकेटकीपर), तौहीद हृदोय, मेहदी हसन, मेहदी हसन मिराज, तंजीम हसन शाकिब, तस्कीन अहमद, शोरिफुल इस्लाम।
विज्ञापन

लाइव स्ट्रीमिंग की पूरी जानकारी

ऑस्ट्रेलिया टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच कब, कहां और कितने बजे खेला जाएगा?
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच शनिवार (11 नवंबर) को खेला जाएगा। यह मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में सुबह साढ़े 10 बजे खेला जाएगा। टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी सुबह 10 बजे होगा।

विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच भारत में किस टीवी चैनल पर देख सकते हैं?
ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। प्रशंसक स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर अलग-अलग भाषा में मैच का आनंद ले सकते हैं। डीडी फ्री डिश इस्तेमाल करने वाले दर्शक डीडी स्पोर्ट्स पर फ्री में मैच देख सकेंगे।

विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया बनाम बांग्लादेश मैच की लाइव स्ट्रीमिंग कहां उपलब्ध होगी?
यह मैच ऑनलाइन आप डिज्नी + हॉटस्टार एप (Disney+ Hotstar) पर देख सकते हैं। मोबाइल पर आप फ्री में मैच देख सकेंगे। लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर देखने के लिए पैसे देकर सब्सक्रिप्शन लेना पड़ेगा। साथ ही विश्व कप से जुड़ी खबरें Amarujala.com पर पढ़ सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें