बांग्लादेश के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम उप कप्तान के बिना खेलती दिख रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अब तक इसके पीछे की वजह नहीं बताई। हालांकि, दूसरे मुकाबले से पहले असिस्टेंट कोच अभिषेक नायर ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि बोर्ड ने इस सीरीज के लिए उप-कप्तान का चुनाव क्यों नहीं किया।
टेस्ट सीरीज में क्यों नहीं चुना गया उप-कप्तान?
भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा टेस्ट मुकाबला शुक्रवार से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच से पहले अभिषेक नायर ने उप-कप्तान नहीं चुने जाने के पीछे की मंशा का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि टीम इंडिया को टेस्ट क्रिकेट में किसी नामित उप-कप्तान की जरूरत नहीं है। उनका मानना है कि ऋषभ पंत और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी टीम में मौजूद हैं, जिन्हें आईपीएल में कप्तानी का अच्छा खासा अनुभव है।
नायर ने कहा- मुझे लगता है कि हमें यह समझने की जरूरत है कि हमारी टीम में कई आईपीएल कप्तान हैं। जब आप शुभमन गिल, ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों की बात करते हैं, तो उम्मीद है कि आगे चलकर यशस्वी भी इसमें शामिल होंगे। ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी का नेतृत्व किया है।
गिल और पंत की तारीफ में नायर ने पढ़े कसीदे
इस दौरान पूर्व ऑलराउंडर ने गिल और पंत पर बात की। उन्होंने बताया कि दोनों अपने करियर के शुरुआती चरण में होने के बावजूद मानसिक तौर पर परिपक्व और मजबूत हैं। नायर ने आगे कहा- मैं अब उन्हें युवा के रूप में नहीं देखूंगा। हां, वे उम्र और उन्होंने जितना क्रिकेट खेला है, उसके लिहाज से युवा हैं। लेकिन मुझे लगता है कि मानसिक रूप से और एक क्रिकेटर के रूप में मुझे लगता है कि उनमें नेतृत्व के वो गुण हैं जो जरूरी हैं। आपको किसी उप-कप्तान को नियुक्त करने की जरूरत नहीं है।
कुलदीप को मिलेगा मौका?
भारत चेन्नई टेस्ट में जीत के साथ सीरीज में 1-0 से आगे चल रहा है। माना जा रहा है कि कानपुर की पिच को देखते हुए भारतीय कप्तान तीन स्पिनर्स को मौका दे सकते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनसे कुलदीप यादव को लेकर सवाल पूछा गया। जवाब में नायर ने कहा- यह फैसला मौसम की स्थिति को देखकर लिया जाएगा। मैच में अंतिम एकादश के चयन के फैसले पर मौसम काफी निर्भर रहेगा। टीम के लिए यहां की परिस्थितियों में उपयोगी खिलाड़ी को टीम में जगह मिलेगी।