टीम इंडिया के हाथों इंग्लैंड की वनडे सीरीज में हो रही दुर्गति पर पूर्व कप्तान इयान बॉथम और स्पिनर ग्रीम स्वान ने निराशा और नाराजगी जताई है।
महान ऑलराउंडर बॉथम ने तो यहां तक कह दिया कि इस इंग्लिश टीम में अंडा कप जीतने की काबिलियत भी नहीं है। बॉथम ने अपने एक कॉलम में लिखा कि वास्तव में इंग्लैंड का प्रदर्शन देखकर मुझे इससे पहले कभी इतना गुस्सा नहीं आया।
एजबेस्टन में हमने जो देखा क्या वो एक मजाक था। एक ऐसा टीम ने बेहद शर्मनाक प्रदर्शन किया जो अगले छह महीने में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए तैयार हो रही है।
इस तरह का खेल दिखाकर यदि वे अंडा कप भी जीत ले तो खुशकिस्मत होंगे। वे सीख नहीं रहे हैं और मुझे यह देखकर बेहद निराशा हो रही है कि वे लगातार एक ही तरह की गलती बार-बार दोहरा रहे हैं।
वनडे क्रिकेट अब बदल गया है और हम इसके मुताबिक बदलने में विफल रहे हैं। इंग्लैंड टीम में आक्रामकता की कमी है जो इस फोरमेट में बेहद जरूरी है।
आखिर हम कब जाएंगे और यह महसूस करेंगे कि हमें 50 ओवर के फोरमेट में सकारात्मकता और आक्रामक क्रिकेट की जरूरत है।
आधे-अधूरे मन से आप 250 रन भी नहीं बना सकते। यहां ऐसे खिलाड़ी होने चाहिए जो जोखिम उठाने और तेजी से रन बनाने में सक्षम हो।’ बॉथम के अलावा पूर्व स्पिनर ग्रीम स्वान भी इंग्लैंड टीम के शर्मनाक प्रदर्शन से बेहद निराश हैं।
इस पूर्व स्पिनर ने कहा, कि यह बोरिंग और निराशाजनक क्रिकेट है। हम बाकी दुनिया की तरह नहीं खेल पा रहे हैं। उनका तरीका अब पुराना हो चुका है। टीम को अपनी पूरी रणनीति और नजरिया बदलना होगा।
यदि इंग्लैंड टीम का प्रबंधन, कप्तान और चयनकर्ता ये ज्वलंत मुद्दे नहीं देख सकते, जिन्हें बदलने की जरूरत है तो मैं काफी चिंतित, गुस्सा और दुखी हूं।’ इस बीच पूर्व कप्तान एलेक स्टीवर्ट ने भी इंग्लैंड टीम के प्रदर्शन पर चिंता जताई।
उन्होंने कहा, "इंग्लैंड की रणनीति पुरानी हो चुकी है। हम 1995 की तरह वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं। हमें अपनी मानसिकता, गेम प्लान और संस्कृति बदलने की जरूरत है।"