ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की कप्तान एलिसा हीली ने बुधवार को खुलासा किया कि स्टैफोर्डशर टेरियर प्रजाति के कुत्ते के पालतू बच्चों के काटने से उनके दाहिने हाथ की तर्जनी अंगुली गंभीर रूप से चोटिल हो गई थी जिसके बाद इसकी एक सर्जरी की गई और 50 टांके लगाए गए।
विज्ञापन
इस घटना को करीब दो महीने हो गए हैं और विकेटकीपर बल्लेबाज हीली ने मैच से पहले कहा था कि वह मैदान में वापसी के लिए उत्साहित हैं। अक्तूबर में हीली स्टैफोर्डशर टेरियर प्रजाति के कुत्ते के दो पालतू बच्चों को अलग करने की कोशिश कर रही थीं तभी उनके हाथ में यह गंभीर चोट लगी।
33 वर्षीय हीली ने कहा कि वह अब भी इस अंगुली में कुछ भी महसूस नहीं कर सकतीं। उन्होंने कहा, ‘अंगुली वैसे ठीक है। पर अब भी मैं दाहिने हाथ की तर्जनी अंगुली के अंदर कोई संवेदन महसूस नहीं कर सकती। लेकिन खेल में वापसी करना अच्छा है। मैंने घर पर बैठकर महिला बिग बैश लीग देखी, मुझे क्रिकेट की कमी खल रही थी इसलिए यहां आकर विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी करने का मौका मिलने से उत्साहित हूं।’ इस घटना से पहले हीली ने सिडनी सिक्सर्स के लिए महिला बिग बैश लीग में महज एक मैच ही खेला था।