कानपुर टेस्ट में अक्षर पटेल ने पांच विकेट लेकर न्यूजीलैंड की कमर तोड़कर रख दी। शनिवार को उनके पिता का जन्मदिन भी था। अक्षर ने अपने शानदार प्रदर्शन को पिता को डेडिकेट किया। साथ ही सोशल मीडिया पर तस्वीर भी शेयर की। अक्षर के इस प्रदर्शन की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 296 रन पर समेट दिया।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद अक्षर ने कहा कि उन्होंने खुद को कभी टी-20 या वनडे स्पेशलिस्ट के तौर पर नहीं देखा। वे खुद को टेस्ट में सहज महसूस करते हैं। अक्षर अब तक सात टेस्ट में 32 विकेट ले चुके हैं।
अक्षर ने टीम के साथियों को दिया क्रेडिट
गुजरात के अक्षर ने खेल समाप्त होने के बाद कहा- जब भी मैंने फर्स्ट क्लास या इंडिया-ए के लिए खेला है, मैंने अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं खुद को व्हाइट बॉल स्पेशलिस्ट के रूप में नहीं देखता हूं। यह सब आपके मानसिकता पर निर्भर करता है। आपको जहां पर भी मौका मिले, वहां अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए। मैं इस विचारधारा पर विश्वास करता हूं। मैं अपने प्रदर्शन के लिए अपने टीम के साथियों को क्रेडिट देना चाहूंगा। उनके विश्वास से ही मैं इस तरह का प्रदर्शन करने में कामयाब हो पाया हूं।
अश्विन और जडेजा के बारे में नहीं सोचता
यह पूछे जाने पर कि रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के टीम में रहने से क्या उन पर दबाव रहता है? इसके जवाब में अक्षर ने कहा- जब भी मैदान पर जाता हूं तो अपने खेल को एंजॉय करता हूं। मैं यह नहीं सोचता कि अश्विन या जड्डू से मेरी तुलना होगी। जब भी मुझे गेंदबाजी सौंपी जाती है, मैं विकेट निकालने की कोशिश करता हूं। विकेट को पढ़ता हूं और उसके मुताबिक प्लान बनाता हूं।
पिच में अभी कोई दरार नहीं
अक्षर ने कहा- मैं यह नहीं सोचता कि मेरा रोल लीड गेंदबाज की है या मेरे आसपास सीनियर गेंदबाज हैं। मुझे बस इतना पता होता है कि टीम को मेरी जरूरत है और मैं उस मुताबिक गेंदबाजी करता हूं। अभी पिच टूटी नहीं है। सिर्फ कुछ गेंद ज्यादा टर्न हो रही हैं। इस पिच पर ध्यान लगाकर बैटिंग करने की जरूरत है। मैं अपने बल्लेबाजों को धैर्य के साथ खेलने की सलाह दूंगा।
द्रविड़ और रहाणे परेशान नहीं थे
अक्षर ने कहा- जब दूसरे दिन विकेट नहीं गिर रहे थे, तो राहुल द्रविड़ और रहाणे परेशान नहीं थे। हां, इसपर बातचीत जरूर हो रही थी कि हमें अगले दिन क्या करने की जरूरत है। जब विपक्षी टीम के विकेट 67 ओवर तक नहीं गिरते हैं, तो इस पर चर्चा होना जरूरी है। कोच द्रविड़ ने हमें धैर्य रखने के लिए कहा था। हमें तीसरे दिन इसका फायदा मिला।
अक्षर ने अपने नाम किए कई रिकॉर्ड्स
अक्षर ने टेलर, हेनरी, लाथम, ब्लंडेल और टिम साउदी को आउट किया। इस तरह अक्षर ने टेस्ट क्रिकेट में पांचवीं बार पारी में पांच विकेट लिया। अक्षर ने इस मैच में कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। इसके साथ ही अक्षर ने लगातार छठी बार एक पारी में चार या उससे ज्यादा विकेट भी हासिल किए। यह रिकॉर्ड हासिल करने वाले वह इकलौते भारती गेंदबाज हैं। इतना ही नहीं अक्षर भारत में टेस्ट क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में पांच बार एक पारी में पांच विकेट लेने वाले बाएं हाथ के पहले स्पिनर बन गए।
पहले टेस्ट में भारत को 63 रन की बढ़त
भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है। टीम इंडिया ने दूसरी पारी में एक विकेट गंवाकर 14 रन बना लिए हैं। मयंक अग्रवाल 4 रन और चेतेश्वर पुजारा 9 रन बनाकर नाबाद हैं। शुभमन गिल 1 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 296 रन पर ऑलआउट हुई। वहीं, भारत ने पहली पारी में 345 रन बनाए थे। इस लिहाज से भारत ने 63 रन की बढ़त बना ली है।