अफगानिस्तान-पाकिस्तान वन-डे सीरीज श्रीलंका से शिफ्ट हो गया है। अब दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वन-डे सीरीज पाकिस्तान में होगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के सीईओ हामिद शिनवारी ने ईएसपीएनक्रिकइंफो को इस बात की जानकारी दी। इस समय अफगानिस्तान सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। देश पर तालिबान के कब्जे के बाद राजधानी काबुल से कॉमर्शियल उड़ानें नहीं चल रही हैं। वहीं, श्रीलंका ने बढ़ते कोरोना मामले को देखते हुए शुक्रवार को देश में लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसके दो दिन बाद देश में कोरोना के 3793 नए मामले सामने आए और 187 लोगों की मौत हो गई। एक दिन में यह मरने वालों की सर्वाधिक संख्या है।
बता दें कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सभी तीन मुकाबले हंबनटोटा में खेले जाने थे। वहां पहुंचने के बाद दोनों टीमों को तीन दिनों तक क्वारंटीन में रहना था। मगर अब अफगानिस्तान की टीम इस सप्ताह के अंत में पाकिस्तान का दौरा करेगी। तीन सितंबर से सीरीज की शुरुआत होगी। हालांकि, दोनों टीमों के बीच तीन वन-डे मुकाबले कहां खेले जाएंगे, इसकी घोषणा एसीबी ने अभी तक नहीं की है।
बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के करीब एक हफ्ते बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड में रविवार को बड़ा बदलाव हुआ। अजिजुल्लाह फजली को फिर से बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया। इससे पहले अजिजुल्लाह सितंबर 2018 से जुलाई 2019 तक बोर्ड के चेयरमैन रहे थे।