टीम इंडिया में वापसी की आस लगाए जहीर खान वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी मैच में कुछ खास कर पाने में नाकाम रहे हैं।
जहीर खान के अलावा वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के पास टीम इंडिया में वापसी की आस अंतिम चार दिवसीय दो गैर आधिकारिक टेस्ट मैचों पर टिकी हुई है।
दूसरे गैर आधिकारिक टेस्ट मैच के पहले दिन वेस्ट इंडीज ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन स्टंप्स तक छह विकेट पर 283 रन बना लिए हैं।
ओपनर क्रेग ब्रेथवेट ने सर्वाधिक 82 रन बनाकर आउट हुए।
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे जहीर खान ने एक सफलता हासिल कर ली है, लेकिन वह अब तक बहुत प्रभावशाली नहीं रहे हैं। जबकि तीन सफलता भार्गव भट को मिली है।
वेस्टइंडीज ए के खिलाफ पहले मैच में शर्मनाक हार के बाद जब इंडिया ए दूसरे चार दिवसीय मैच के लिये मैदान पर होगी तो सभी की निगाहें टीम के अनुभवी खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान और गौतम गंभीर पर लगी होंगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिये टीम में जगह नहीं बना सके वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान और गौतम गंभीर तीनों के चेतेश्वर पुजारा के कप्तानी वाली इंडिया ए में आने से टीम को मजबूती मिलेगी।
चेतेश्वर पुजारा की अगुवाई वाली भारत ए टीम को तीन चार दिवसीय मैचों की सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज ए से 162 रनों के भारी अंतर से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।