वह समाज में सत्य, संयम, सद्व्यवहार, संकल्प, शालीनता, विनम्रता, नैतिकता, प्रेम, सहचर्य को स्थापित करता है।
- फोटो : istock
विश्व में राम कथा का व्यापक स्वरूप मिलता है। भारत के परिदृश्य में अनेक भाषाओं में यह रामकथा कहीं गई है। लेकिन लोक में तुलसी के राम ही सर्वाधिक स्मरण किये जाते हैं क्योंकि यह ‘राम/ उत्तर से दक्षिण तक आमजन का प्रतिनिधित्व करते हैं उनके लिए एक आदर्श मनुष्य की परिकल्पना गढ़ते हैं। ऐसा मनुष्य जो परिवार व समाज व राज्य के प्रति जिम्मेदारियों से भागता नहीं है जिसके लिए पारिवारिक संबंधों की महत्ता है और उनके निर्वहन के लिए वह सत्ता तक का परित्याग कर सकता है। जो कि मध्यकालीन अराजक परिवेश में एक तरह की तुलसीदास की परिकल्पना ही थी। जिसे वह अपने आराध्य राम के चरित्र के माध्यम से स्थापित करना चाहते थे।
यही कारण भी है कि लोक में तुलसीदास के राम सदैव याद किए जाते हैं। संबंधों की परिपाटी में उनकी तुलना ‘राम’ से की जाती है। तुलसी के राम मानव भी है और ब्रहम स्वरूप भी। वह लोक कल्याण के लिए अवतार भी धारण करते हैं और लोक का कल्याण करते हैं। वह वेद शास्त्र, पुराण, धर्म, संस्कृति, जीवन मूल्यों और आदर्शों का समुच्य है। क्योंकि वह ब्रहम स्वरूप है “मंगल भवन अमंगल हारी। उमा सहित जेहि जपत पुरारी” और मानव भी “ मंगल भवन अमंगल हारी। द्रवहु सो दशरथ अजिर बिहारी”।
तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस केवल रामायण की रामकथा का एक परिशिप्त मात्र नहीं है, बल्कि यह लोक की संवेदनाओं से पाठक को जोड़ती है, इसकी अवधी भाषा व सरल दोहा चौपाई में लिखे गए छंद इस महाकाव्य को अन्य रामकथा से संबंधित महाकाव्यों से बेहतर तरीके से लोक से जोड़ता है। क्योंकि उनकी भक्ति का संबंध मानवता व करुणा से है। यही कारण है कि उनके संपूर्ण काव्य में मानवीय मूल्यों, लोकाचार, करुणा प्रेम का अद्भुत समागम देखने को मिलता है।’
भक्तिकाव्य की सामाजिक सांस्कृतिक चेतना नामक पुस्तक में लेखक प्रेमशंकर ‘राम मध्यकाल के जननायक शीर्षक में लिखते हैं कि-मेरा विचार है कि तुलसी भक्ति के माध्यम से मध्यकाल के लिए जिस जीवन दर्शन की तलाश कर रहे थे. उसके व्यवहारिक पक्ष के लिए उन्होंने राम की सामाजिकता को बार-बार उजागर करने की चेष्ठा की और अपने चरित्र नायक को अधिक से अधिक लोकोन्मुख किया। उनमें जो अलौकिकता है वह भी मध्यकालीन परिवेश की उपज है, पर राम की सामाजिकता को समान्य जन स्वीकारते हैं, उन्हें अपना जननायक मानते हैं।’
तुलसीदास के राम आदिकाल से लेकर वर्तमान समय तक लोक में सर्वाधिक प्रासंगिक है। समाज में मानवीय मूल्यों का ह्रास,अराजकता,नैतिक मूल्यों का विघटन, पारिवारिक संबंधों का मूल्य केंद्रित होना, आपसी अविश्वास, हिंसा, क्रोध, घृणा जैसी कितनी ही घटनाएँ हमारे समाज में घटित होती है। ऐसे परिवेश में एक ऐसा आदर्श चरित्र लोक का प्रतिनिधितत्व करता है जो लोक में लोकाचार, मानवीय मूल्य, नैतिक मूल्य, सांस्कृतिक मूल्यों की न केवल प्रतिष्ठा करता है बल्कि राजनैतिक संबंधों, राजा-प्रजा के संबंधों को एक नया रूप प्रदान करता है जो रामराज्य की नीव बनता है। जिसमें खुशहाल लोकतंत्र की स्थापना का जीवंत रूप देखा जा सकता है।
वह समाज में सत्य, संयम, सद्व्यवहार, संकल्प, शालीनता, विनम्रता, नैतिकता, प्रेम, सहचर्य को स्थापित करता है। ‘मूल्य’ मानव जीवन का आधार है। इसके बिना जीवन का निर्माण संभव नहीं है। मूल्य ही धर्म का संरक्षण करते हैं। ‘धर्म जो मनुष्य को मनुष्य से प्रेम करना सिखाए। धर्म के पालन अर्थात मूल्यों के ग्रहण करने से ही मानव के सभी तरह के दुख, विसंगतियाँ, शोक, क्रोध, हिंसा घृणा, लोभ, काम और अज्ञानता की प्रवृति का नाश हो जाता है।
‘धरम ते बिरति जोग ते ज्ञाना, ज्ञान मोच्छप्रद वेद बखाना(मानस -3-15/1)’ अर्थात धर्म का पालन करने वाले लाखों में कोई एक होता है उसी प्रकार मूल्यों को जीवन का आधार बनाने वाला भी कोई एक होता है। राम उन लाखों मानवों में से एक हैं। जिन्होंने धर्म का सम्यक पालन किया। जिनका सारा जीवन ही धर्ममय है। मूल्य जिनके जीवन का आभूषण है-नर सहस्त्र में सुनहु पुरारी, कोई एक होई धर्म व्रत धारी(मानस-7-53/1) मानव मन के आदर्श, मर्यादा, नियम, संयम और मूल्य रामचरितमानस और राम की विशेषताएं हैं।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।