जीवन का असली धन सेहत है और कोरोना काल में तो यह साबित भी हुआ है।
- फोटो : iStock
आज धनतेरस है ऐसे में जीवन के असली धन की बात करें तो जीवन का सबसे कीमती धन सेहत ही है। धनतेरस को केवल समृद्धि का ही दिन नहीं माना जाता, यह धन्वंतरि देव का भी दिन है। इस दिन अगर सोना-चांदी खरीदना शुभ है तो इस दिन स्वास्थ्य को लेकर सजग होना भी पुण्यदायी है। तो इस धनतेरस कुछ कदम स्वस्थ ज़िन्दगी की तरफ भी बढ़ाइए और अपने आने वाले कल में स्वस्थ रहकर लुत्फ उठाइए।
कुछ बातें जो इस धनतेरस आप जीवन में शामिल कर सकते हैं
- अगर अब तक आपने बिना सही रूटीन और बिना एक्सरसाइज के समय निकाल दिया है तो भी कोई बात नहीं। इस धनतेरस शुरुआत करें एक हेल्दी दिन की। अपने लिए एक सही रूटीन, एक्सरसाइज और सही डाइट का लक्ष्य बनाएं।
- हाथ साफ करने की आदत, मास्क लगाना, हाइजीन व साफ-सफाई की जो आदत आपने कोरोना काल में अपनाई है उसे आगे भी जारी रखें।
- इस रूटीन को धीरे धीरे आगे बढ़ाएं लेकिन बीच में छोड़ें नहीं। त्योहार के दौरान आपके पास समय थोड़ा कम होगा, अतिरिक्त काम भी होंगे और सेलिब्रेशन भी होगा। उस दौरान अपने रूटीन को थोड़ा - बहुत आगे पीछे कर लें।
जैसे डाइट के लिए कम मीठे का रूल बनाएं, एक्सरसाइज अगर नहीं कर पा रहे हों तो सुबह सिर्फ आधा घन्टा स्पॉट जॉगिंग, डीप ब्रीद या तेज चलने जैसेई कोई भी एक्टिविटी करें। साथ ही रात में भोजन की जगह फल, दूध आदि से काम चलाएं। इसके लिए आपको थोड़ा धैर्य रखना होगा लेकिन धीरे-धीरे ये आदत में आ जायेगा।
- अब कीजिए सबसे महत्वपूर्ण काम। इस धनतेरस शगुन के लिए एक मेडिक्लेम पॉलिसी, एनुअल चैकअप या हेल्थ सम्बन्धी अन्य चीजों में भी निवेश कीजिए। यह एक तथ्य है कि कोरोना के आने के बाद जिन लोगों ने इस तरह की चीजों में निवेश किया था, उन पर मुश्किल आने पर आर्थिक बोझ कम पड़ा। तो इस धनतेरस, सही सलाह से सोच समझकर ऐसी किसी चीज में इन्वेस्ट करें।
- घर में एक रूल बनाइए कि हफ्ते भर में आप कम से कम 4 दिन नाश्ते में मौसमी फल खाएंगे और जंक से ज्यादा पैसा ड्राई फ्रूट्स पर लगाएंगे।
- अगर आप जीवनशैली सम्बंधित समस्याओं जैसे डायबिटीज़, ब्लड प्रेशर का असंतुलन,मोटापा आदि से ग्रसित हैं तो नियमित जांच का नियम बनाएं।
- अपने घर के सदस्यों को भी प्रेरित करें कि वे सेहत को लेकर सजग रहें।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।