वाजपेयी राजनीति के क्षेत्र में चार दशकों तक सक्रिय रहे
- फोटो : पीटीआई
वाजपेयी राजनीति के क्षेत्र में चार दशकों तक सक्रिय रहे। वे लोकसभा में 9 बार और राज्य सभा में दो बार सांसद चुने गए जो अपने आप में ही एक कीर्तिमान है। वाजपेयी एक मात्र ऐसे नेता रहे थे जो चार अलग-अलग राज्यों उतर प्रदेश, मध्यप्रदेश, गुजरात और दिल्ली से चुनकर संसद में पहुंचे। 1994 में उन्हें भारत का ‘सर्वश्रेष्ठ सांसद’ चुना गया।
अटल बिहारी वाजपेयी ने प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार देश की बागडोर संभाली। पहली बार साल 1996 में 16 मई से 1 जून तक जब 13 दिन में ही सरकार अल्पमत में आ गई, और उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। 19 मार्च 1998 से 26 अप्रैल 1999 तक और फिर 13 अक्टूबर 1999 से 22 मई 2004 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
राजनीति में जिस शुचिता की बात तो सभी करते हैं, लेकिन उसे अपने जीवन में कोई नहीं अपनाता उसे वाजपेयी ने अपनाया। उन्होनें ही देश की राजनीति में जोड़-तोड़ की राजनीति को अलग राह दिखाई। वाजपेयी ने प्रधानमंत्री पद खोने के साथ सरकार भले ही गिरने दी लेकिन अन्य दलों से जोड़-तोड़ नहीं की। सिद्धांतों व राजधर्म पर चलने वाला वाजपेयी के सिवा शायद ही इस देश में कोई दूसरा हो।
वे पहले ऐसे गैर कांग्रेसी नेता थे, जिन्होंने अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा किया। वाजपेयी 26 पार्टियों के साथ सरकार चलाने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री थे। पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव उन्हें अपना राजनीतिक गुरु मानते थे तो वहीं पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्यसभा में एक भाषण के दौरान उन्हें भारतीय राजनीति का 'भीष्म पितामाह' करार दिया था।
जय जवान, जय किसान ' नारे पर देश कई दशकों तक चलता रहा लेकिन वाजपेयी ने विज्ञान की शक्ति को बढ़ावा देने के लिए एक और नारा दिया जिसका नाम था "जय विज्ञान" इस नारे ने देश को एक नई दिशा व दशा देने की शुरुआत की। 11 मई 1998 को राजस्थान के पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण कर भारत को न्यूक्लियर स्टेट बनाने का श्रेय अटल बिहारी वाजपेयी को ही जाता है।
भारत को कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर गुवाहाटी तक सभी राज्यों को सड़कों के जरिए जोड़ने का काम अटल बिहारी वाजपेयी ने किया तभी उन्हें सड़कों वाला प्रधानमंत्री भी कहा जाता है। अपने इस सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना की शुरुआत भी की।
देश की सुरक्षा व सामरिक दृष्टि से जिस टनल के बारे में देशवासी सपने में भी नहीं सोच सकता था, उस सपने को हकीकत में बदलने वाला कोई और नहीं अटल बिहारी वाजपेयी ही थे। देश के शिक्षा ढांचे में जो सुधार हमें आज देखने को मिल रहा है वह वाजपेयी के द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में शुरू किए गए बहुआयामी अभियान "सर्व शिक्षा अभियान" की ही देन है। इस अभियान ने सरकारी विद्यालयों में ऐसा कायाकल्प किया जिससे हर स्कूल को छत और हर कक्षा को शिक्षकों के अलावा आधारभूत ढांचा उपलब्ध हुआ।
2015 में देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए उन्हें उनके आवास पर जाकर भारत रत्न से सम्मानित किया। एक प्रखर वक्ता, कवि, पत्रकार, राजनेता, देश में अलग-अलग विचारधाराओं वाली पार्टियों को साथ लेकर चलने वाले अटल बिहारी वाजपेयी जी का व्यक्तित्व बहुआयामी था। यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि जिसके नाम की शुरुआत ही अटल से हो वह भला कैसे मिट सकता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।