टीम इंडिया को चाहिए कि अगले मैच में रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन से पारी की शुरुआत कराए, क्योंकि दाएं और बाएं हाथ की बल्लेबाजी का काम्बनेशन सदैव अच्छा रहता है। इससे गेंदबाजों को थोड़ी परेशानी होती है। तीसरे नंबर पर विराट कोहली का खेलना सही है। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ उनका दिन अच्छा नहीं था।
वैसे अक्सर पाकिस्तान के खिलाफ वो बड़ी पारियां खेलते हैं। श्रेयस अय्यर की जगह चौथे नंबर पर तिलक वर्मा को मौका मिलना चाहिए। तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज दौरे पर खुद को साबित भी किया है और वो बेहतरीन खिलाड़ी हैं। जिस जगह पर अभी ईशान किशन को खिलाया जा रहा है, वहां सूर्यकुमार यादव को भेजा जाना चाहिए।
गेंदबाजों की परीक्षा पाकिस्तान के खिलाफ मैच में नहीं हुई है, इसलिए चार बॉलर और दो ऑलराउंडर लेकर खेलने में कोई हर्ज नहीं है। रविंद्र जडेजा और हार्दिक पांड्या ऑलराउंडर की कमी को पूरा करते हैं। तिलक वर्मा भी गेंदबाजी कर लेते हैं।
हालांकि, अभी तिलक वर्मा की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी की परीक्षा होना बाकी है, लेकिन संकट के समय में उन्हें गेंद दी जा सकती है। शार्दुल ठाकुर भी बल्ला घूमा लेते हैं। अब तो जसप्रीस बुमराह से भी उम्मीदें जागने लगी हैं, क्योंकि जिस तरह से पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने तीन चौके लगाए तो लग रहा है कि निचले क्रम में बुमराह से कुछ रनों की उम्मीद की जा सकती है।
वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप भारत के लिए एक बड़ी परीक्षा है। यदि वर्ल्ड कप में भारत को अच्छा प्रदर्शन करना है तो एशिया कप को जीतना ही पड़ेगा। एशिया कप में भारत के पूल में पाकिस्तान के अलावा नेपाल की टीम है। दूसरे पूल में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका हैं।
यह तय है कि सेमीफाइनल या फाइनल में भारत का मुकाबला फिर से पाकिस्तान से हो सकता है। इस समय पाकिस्तान एक मजबूत टीम है। खासकर जब से पाकिस्तान वनडे में नंबर वन टीम बनी है, तब से उसके हौसले बुलंद हैं। उनका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। कैंडी में हमने देखा कि किस तरह से पाकिस्तान के खिलाड़ी जोश से भरे हुए थे। पाकिस्तान के साथ मैच भारत के लिए एक बड़ा सबक देकर गया है। उम्मीद है कि एशिया कप के बाकी मैचों में टीम इंडिया अपनी गलतियों को नहीं दोहराएगी और एक मजबूत दावेदारी पेश करेगी।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकताु, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदाई नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।