फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: सीएम सुक्खू ने दिखाया बड़ा दिल, हिमाचल को आपदा से उबारने के लिए दान की 51 लाख की समस्त जमापूंजी

Fri, 15 Sep 2023 07:56 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू संभवतया देश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने पद पर रहते हुए अपनी निजी जमा पूंजी सरकार को आपदा से निपटने के लिए दान में दी है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर के साथ 51 लाख रुपये की धनराशि दान करते हुए। - फोटो : जनसंपर्क विभाग
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूरे देश के समक्ष एक मिसाल पेश करते हुए भारी बारिश एवं भूस्खलन से आई आपदा से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश के लिए अपनी समस्त जमा पूंजी की 51 लाख रुपये की धनराशि आपदा राहत कोष-2023 में दान कर दी है। सीएम ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में अपनी धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर की उपस्थिति में 51 लाख रुपये का चेक मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को सौंपा।

विज्ञापन


सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू संभवतया देश के ऐसे पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने पद पर रहते हुए अपनी निजी जमा पूंजी सरकार को आपदा से निपटने के लिए दान में दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में समाज का हर वर्ग बढ़-चढ़कर अंशदान कर रहा है। बच्चों ने अपनी गुल्लक तोड़कर, कर्मचारियों ने अपने वेतन और बुजुर्गों ने पेंशन से अपने सामर्थ्य अनुसार आपदा राहत कोष में दान दिया है।

इसे देखकर उनके मन में भी विचार आया कि उन्हें भी अपनी निजी जमा पूंजी से धन आपदा में दान देना चाहिए और ऐसे में अपने बैंक से सारे पैसे निकालकर आज 51 लाख रुपये दान कर दिए हैं। इससे पहले भी सीएम ने सामाजिक सरोकार को अधिमान देते हुए धन दान किया है। कोरोना काल में विधायक के तौर पर उन्होंने एक साल का वेतन और अपनी एफडीआर तोड़कर भी 11 लाख रुपये की धनराशि राज्य सरकार को महामारी से लड़ने के लिए दान में दी थी।
विज्ञापन


इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, ओएसडी रितेश कपरेट सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

विज्ञापन

कांग्रेस कार्यसमिति बैठक के लिए हैदराबाद जाएंगे सुक्खू

कांग्रेस कार्यसमिति बैठक के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार को हैदराबाद जाएंगे। 16 और 17 सितंबर को हैदराबाद में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में कार्य समिति की बैठक होगी। बैठक में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री सुक्खू शिमला से चंडीगढ़ रवाना हुए। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री चंडीगढ़ से दिल्ली रवाना होंगे। मुख्यमंत्री 17 सितंबर की शाम को शिमला लौटेंगे।

18 सितंबर को सुबह 10.00 बजे विधानसभा के मानसून सत्र के चलते कांग्रेस विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। 18 सितंबर को दोपहर 2:00 बजे से विधानसभा की कार्यवाही शुरू होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह शुक्रवार दोपहर बाद नई दिल्ली से कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में शामिल होने के लिए हैदराबाद रवाना हुईं। प्रतिभा सिंह 17 सितंबर की शाम को नई दिल्ली लौटेंगी और 18 सितंबर से संसद के विशेष सत्र में शामिल होंगी। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें