जींद। जिले के अलेवा थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी की तैयारियों के बीच एक युवती लापता हो गई है। उसकी शादी 20 दिसंबर को तय थी। युवती घर से छह लाख रुपये नकद और करीब पांच तोले सोने के जेवरात भी साथ ले गई है। परिवार ने दिल्ली के एक युवक पर उसे शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया है। पुलिस ने कस्तूरबा नगर, दिल्ली निवासी प्रशांत के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी पूर्णदास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी गई है।
गांव के एक व्यक्ति ने एफआईआर में बताया कि उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। उन्होंने एक बेटी की शादी 20 दिसंबर को तय की हुई थी। तैयारियों के तहत परिवार ने नकदी और आभूषण बनवाकर घर में रखे थे। 23 नवंबर की सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे तो युवती अपनी चारपाई पर नहीं मिली। घर में रखी नकदी और जेवरात भी गायब थे। परिवार ने रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों के यहां उसकी तलाश की।
उनका आरोप है कि अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर पता चला कि प्रशांत युवती को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।