साल्हावास। जिला स्तरीय लड़कों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता और लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन खेल स्टेडियम भिंडावास में किया गया। इसमें जिले के पांच खंडों के विजेता खिलाड़ियों ने भाग लिया। खंड मातनहेल के शारीरिक शिक्षक संघ के प्रधान जयप्रकाश जाखड़ ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी रतिंदर सिंह ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देकर किया। खंड शिक्षा अधिकारी मातनहेल सुरेश पाल सुहाग के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडर-19 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में यश मातनहेल खंड प्रथम और पुनीत मातनहेल खंड द्वितीय रहे। 200 मीटर में अरुण झज्जर प्रथम और यश कुमार बहादुरगढ़ द्वितीय रहे। 400 मीटर में अरुण कुमार झज्जर प्रथम और उमेश बहादुरगढ़ द्वितीय रहे। 800 व 1500 मीटर दौड़ में हितेश मातनहेल प्रथम और अंकित साल्हावास द्वितीय रहे। 5000 मीटर पैदल चाल में ध्रुव बहादुरगढ़ प्रथम रहे। गोला फेंक में अनुज मातनहेल और वंश बिरहमन बहादुरगढ़ ने क्रमश: प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में यश मातनहेल प्रथम और पुनीत मातनहेल द्वितीय रहे। 4×100 मीटर रिले में मातनहेल खंड की टीम प्रथम रही।
अंडर-14 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में राघवेंद्र झज्जर प्रथम और गर्व बहादुरगढ़ द्वितीय रहे। 200 मीटर में यश साल्हावास प्रथम और दक्ष दलाल बहादुरगढ़ द्वितीय रहे। गोला फेंक में युग नांदल झज्जर प्रथम और मयंक मातनहेल द्वितीय रहे। लंबी कूद में गुरमीत बहादुरगढ़ प्रथम और राघवेंद्र झज्जर द्वितीय रहे। 4×100 मीटर रिले में साल्हावास खंड प्रथम रहा।
लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में झज्जर ब्लॉक प्रथम और बेरी ब्लॉक द्वितीय, अंडर-17 में बेरी खंड प्रथम और झज्जर द्वितीय तथा अंडर-19 में बेरी खंड प्रथम और साल्हावास द्वितीय रहा। समापन अवसर पर चरण सिंह राठी भीम अवार्डी, धर्मबीर छिकारा कोच, दिलबाग सिंह प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा और भिंडावास जनशक्ति युवा क्लब के पदाधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।