बहादुरगढ़। झज्जर रोड स्थित देव कॉलोनी में केला गोदाम पर कैंटर को पीछे करते समय एक श्रमिक गाड़ी और दीवार के बीच फंसने से मौत हो गई। बिहार निवासी मौशाद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई मोहम्मद तमन्ने (45) बसंत विहार निवासी ओमकार के देव कॉलोनी स्थित केला गोदाम पर काम करते थे।
नौ अक्तूबर को सुबह करीब साढ़े 10 बजे कैंटर चालक बंटी निवासी दालमवाला, जिला जींद माल लेकर गोदाम पहुंचा। चालक कैंटर को गोदाम के अंदर पीछे लगा रहा था। इस दौरान तमन्ने और कैंटर का कंडक्टर रितिक गाड़ी को पीछे लगवाने में मदद कर रहे थे।
आरोप है कि चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से कैंटर को पीछे करने का प्रयास किया, जिससे तमन्ने गाड़ी और दीवार के बीच फंस गए मौके पर मौजूद लोग और गोदाम मालिक उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे दिल्ली के एम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
-
देव कॉलोनी में केला गोदाम में कैंटर और दीवार के बीच फंसने से एक श्रमिक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर वारिसों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
-राकेश कुमार, एसएचओ, थाना शहर, बहादुरगढ़