जट्टारी। कस्बा जट्टारी क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दो बजे कैंटर ने दो महिलाओं को रौंद दिया। इसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क पर जाम लगाने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें शांत करा दिया।
कस्बा जट्टारी के मोहल्ला होलीवाला निवासी रामवती उर्फ प्रेमवती (60) और सुनीता (32) दोपहर अपने घर से मजदूरी के पैसे लेने के लिए निकली थीं। दोनों पालीवाल अस्पताल के पास सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। रामवती पत्नी हरिश्चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। सुनीता की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खैर संजीव कुमार तोमर और टप्पल थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर चालक ऋषिपाल सिंह निवासी हिजरावा कला, थाना फतेहाबाद जनपद झज्जर (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।