बहादुरगढ़। छेड़खानी के मामले में फंसाने की धमकी देकर 13 लाख रुपये मांगने के आरोप से जुड़े हनी ट्रैप मामले में सेक्टर-6 थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस पहले ही एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को तीन लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया था। अब महिला से पूछताछ कर मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
थाना सेक्टर-6 प्रभारी उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि बहादुरगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके कार्यालय में नौकरी मांगने पहुंची एक युवती ने उस पर छेड़खानी के आरोप लगाए। इसके बाद मामले में समझौता कराने के नाम पर 13 लाख रुपये मांगे गए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को तीन लाख रुपये लेते हुए पकड़ लिया था। उनके कब्जे से नकदी के अलावा मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई थी।