बहादुरगढ़। शहर की अनाज मंडी में गेहूं की आवक बढ़ने लगी है। बीते दिनों की बारिश और मौसम में नमी के कारण खरीद की रफ्तार धीमी पड़ी हुई थी। अब धूप निकलने से गेहूं की नमी कम हुई है और किसान फसल लेकर मंडी में पहुंचने लगे हैं।
मंडी में शुक्रवार को मंडी में पहुंचे किसानों ने नमी कम करने के लिए सड़क पर गेहूं फैला दिया। जांच में गेहूं नमी की मात्रा 12 के आसपास मिली। मंडी से गेहूं का उठान भी शुरू हो गया है। शुक्रवार को 584 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया।
अधिकारी और आढ़ती किसानों को गेहूं अच्छी तरह सुखाकर लाने की सलाह दे रहे हैं, ताकि उन्हें फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। शुक्रवार को बहादुरगढ़ और आसौदा मंडी में कुल 154 गेट पास काटे गए।
बहादुरगढ़ के साथ-साथ आसौदा मंडी में भी गेहूं की खरीद प्रक्रिया जारी है। मंडी में सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसान पहुंचने शुरू हो गए थे। जो शाम तक जारी रहे।
बहादुरगढ़ में सिद्दीपुर, लोवा खुर्द और नूना माजरा सहित आसपास के गांवों से किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। हालांकि अधिक नमी के कारण कई किसानों को अपनी फसल मंडी में ही सुखानी पड़ रही है, जिससे उन्हें अतिरिक्त समय और मेहनत करनी पड़ रही है।
आढ़ती कालू व प्रदीप का कहना है कि जैसे-जैसे मौसम साफ रहेगा और धूप तेज होगी, वैसे-वैसे नमी की समस्या कम होगी और खरीद में तेजी आएगी। फिलहाल खरीद एजेंसियां निर्धारित मानकों के अनुसार ही गेहूं की खरीद कर रही हैं, ताकि भंडारण में किसी तरह की समस्या न आए।
बहादुरगढ़ में शनिवार को 17 गेट पास कटे, जबकि आसौदा मंडी में 137 गेट पास काटे गए। बहादुरगढ़ मंडी में अब तक 2500 क्विंटल गेहूं की सरकारी खरीद हुई है, वहीं आसौदा में 26 हजार 293 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। यह गेहूं खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा खरीदा गया है। वहीं उठान भी शुरू हो गया है। बहादुरगढ़ मंडी में शुक्रवार को 584 क्विंटल गेहूं को उठान हुआ, जबकि आसौदा मंडी में पांच हजार क्विंटल गेहूं गोदाम में भिजवाया गया।