बकेवर। नगर पंचायत बकेवर में 26 नवंबर को चेयरमैन व सदस्य पद के लिए मतदान होना है। चेयरमैन पद के प्रत्याशियों ने मतदाताओं को वादों का झुनझुना देना शुरू कर दिया है। प्रत्याशियों द्वारा घर-घर घोषणापत्र बांटकर मतदाताओं को अपने पाले में करने के लिए चाल चली जा रही है। कोई पेयजल के लिए आरओ तो कोई बिजली न होने से जनरेटर से पेयजल आपूर्ति की बात कह रहा है। कोई 24 घंटे पेयजल आपूर्ति की भी बात कह रहा है।
इस समय नगर पंचायत बकेवर में चेयरमैन पद के प्रत्याशियों ने जनता को अपने घोषणा पत्र में झूठे वादों का पिटारा खोल दिया है। प्रत्याशी कस्बे को पेयजल आपूर्ति आरओ से देने का वादा कर रहे हैं। कोई कस्बे को फ्री में वाई-फाई देने का वादा कर रहा है। वहीं, कुछ प्रत्याशी पेंशन बनवाने का काम कर रहे हैं।
इस समय सबसे अहम बात तो ये है कि इस समय प्रत्याशी गली-कूचों में घूम घूम कर मतदाताओं को लुभाने के लिए तरह तरह के प्रलोभन घोषणापत्र में दिए गए हैं। हकीकत तो ये है कि पेयजल आपूर्ति के समय बिजली न होने पर जनरेटर के लिए पहले ही प्रस्ताव पास होकर आपूर्ति भी चालू हो चुकी है। नगर पंचायत बकेवर के पास पेयजल की आपूर्ति के लिए जनरेटर 65 केवीए का पहले ही लग चुका है। ये वादे लोगों के गले नहीं उतर रहे हैं।